रांची : राजधानी रांची में राहुल सिंह गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में शाहिद नाम का अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पीछा कर दोनों अपराधियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, कांके थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास फायरिंग कर दहशत फैलाने की घटना में राहुल सिंह गिरोह के दो अपराधियों की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से ही पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी।
पुलिस पर अपराधियों ने चलाई गोली
रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन ने बताया कि पेट्रोल पंप पर फायरिंग की घटना में शामिल संदिग्धों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मंगलवार को विधानसभा थाना क्षेत्र में दोनों अपराधियों की गतिविधि की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने उनका पीछा करना शुरू किया।
एसएसपी के मुताबिक, पुलिस को देखकर दोनों अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शाहिद को गोली लग गई। घायल होने के बावजूद वह भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की टीम ने पीछा कर दोनों अपराधियों को पकड़ लिया।
पेट्रोल पंप पर फायरिंग के मामले में तलाश
कांके थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास हुई फायरिंग की घटना के बाद से ही पुलिस राहुल सिंह गिरोह से जुड़े अपराधियों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस को मुठभेड़ का सामना करना पड़ा।
पुलिस की इस कार्रवाई को राजधानी में गिरोह से जुड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अहम माना जा रहा है। मामले में पुलिस की आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़ें – मौत के कुएं में बाइक में लगी आग, करतब दिखा रही लड़की के बाल भी जले; मची अफरा-तफरी