योगेंद्र तिवारी से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए बुलाया, रोहित 29 जून और रामेश्वर उरांव 30 जून को होंगे पेश
रांची : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने झारखंड के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव को समन जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया है।
ईडी के अनुसार, रोहित उरांव को 29 जून सुबह 11 बजे रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। वहीं, रामेश्वर उरांव को 30 जून को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
बताया जा रहा है कि रामेश्वर उरांव से कारोबारी योगेंद्र तिवारी से जुड़े कथित शराब घोटाला मामले में पूछताछ की जाएगी। इससे पहले भी ईडी ने इस मामले की जांच के दौरान रामेश्वर उरांव, उनके बेटे रोहित उरांव और अन्य संबंधित लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी।
यह भी पढ़ें – JSSC की दोहरी खुशखबरी! उत्पाद सिपाही भर्ती अंतिम चरण में, 326 वेकेंसी का नोटिफिकेशन जारी
ईडी की कार्रवाई के बाद से रामेश्वर उरांव और रोहित उरांव का नाम इस मामले की जांच से जुड़ा हुआ है। हालांकि, अब तक इस मामले में दोनों के खिलाफ किसी अदालत द्वारा दोष सिद्ध नहीं हुआ है। ईडी पूछताछ के जरिए मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि योगेंद्र तिवारी से जुड़े कथित शराब घोटाला मामले की जांच के दौरान ईडी को यह जानकारी मिली थी कि रोहित उरांव ने शराब के कारोबार के लिए एक एकरारनामा (Agreement) किया था। हालांकि, जांच में यह भी सामने आया कि एकरारनामा होने के बावजूद रोहित उरांव ने शराब के व्यवसाय में वास्तविक रूप से प्रवेश नहीं किया था।
बताया जाता है कि वर्ष 2022 की उत्पाद नीति लागू होने से पहले राज्य में शराब के थोक कारोबार पर योगेंद्र तिवारी का अप्रत्यक्ष प्रभाव माना जाता था। राज्य के अधिकांश जिलों में उनसे जुड़ी कंपनियों के पास शराब के थोक व्यापार के लाइसेंस थे। ईडी इस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के क्रम में पहली अभियोजन शिकायत (Prosecution Complaint/Report) विशेष अदालत में पहले ही दाखिल कर चुकी है। इसी मामले की जांच के सिलसिले में अब पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव को पूछताछ के लिए समन जारी किया गया है।
हालांकि, यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि ईडी की जांच अभी जारी है और इस मामले में किसी भी व्यक्ति के खिलाफ अदालत द्वारा अंतिम रूप से दोष सिद्ध नहीं हुआ है
यह भी पढ़ें – कोई पात्र मतदाता SIR में नहीं छूटेगा, कोई अपात्र नहीं जुड़ेगा : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी