झारखंड में SIR की फिर बढ़ी डेडलाइन, अब 30 नवंबर को आएगी फाइनल वोटर लिस्ट

Anand Kumar
4 Min Read

रांची। झारखंड में मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR (Special Intensive Revision) की प्रक्रिया एक बार फिर लंबी हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने दावा-आपत्तियों के निपटारे और मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख आगे बढ़ा दी है।

अब 23 नवंबर तक दावे और आपत्तियों पर सुनवाई की जाएगी, जबकि 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने आयोग के फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के कुछ विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं और जारी किए गए नोटिसों की संख्या काफी अधिक है। इसी वजह से पूरी प्रक्रिया के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है।

22 अक्टूबर तक पहले और दूसरे नोटिस की सुनवाई

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के मुताबिक पहले और दूसरे नोटिस से जुड़े मामलों की सुनवाई 22 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

वहीं, जिन मतदाताओं ने अब तक जरूरी दस्तावेज जमा नहीं किए हैं या नोटिस मिलने के बावजूद सुनवाई में शामिल नहीं हो सके हैं, उनसे संपर्क करने का अभियान चलाया जाएगा। ऐसे नॉन-नोटिस मामलों को 31 अक्टूबर तक निपटाने का लक्ष्य रखा गया है।

1 से 12 नवंबर तक घर-घर होगा सत्यापन

SIR प्रक्रिया के अगले चरण में 1 नवंबर से 12 नवंबर तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन किया जाएगा।

इस दौरान ऐसे मतदाताओं का भी सत्यापन किया जाएगा, जो किसी वजह से निर्धारित समय में फॉर्म जमा नहीं कर पाए हैं।

ऐसे मतदाताओं को Form-6 जमा करने का मौका मिलेगा, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें।

SIR में 1.6 करोड़ मतदाताओं का भी होगा वेरिफिकेशन

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य में करीब 1.6 करोड़ ऐसे मतदाता हैं, जिन्हें नोटिस जारी नहीं किया गया है। इन मतदाताओं का भी सत्यापन किया जाएगा।

इसके लिए नवंबर में विशेष सुपर चेकिंग अभियान चलाने की तैयारी है। इसमें जिला निर्वाचन पदाधिकारी, रोल ऑब्जर्वर और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की टीमें मिलकर SIR के दौरान लिए गए फैसलों और उनके रिकॉर्ड की जांच करेंगी।

23 नवंबर तक अपडेट होंगे नक्शे और मतदाता रिकॉर्ड

SIR के साथ मतदाता सूची से जुड़े भौगोलिक और रिकॉर्ड संबंधी काम भी पूरे किए जाएंगे।

1 नवंबर से 23 नवंबर के बीच नोशनल नंबर, नजरी नक्शा, गूगल मैप और की-मैप समेत अन्य रिकॉर्ड अपडेट किए जाएंगे।

इसी अवधि में SIR के दौरान प्राप्त दावे-आपत्तियां, Form-6 और Form-8 से संबंधित प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

इसके बाद 30 नवंबर को झारखंड की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

दो बार बढ़ चुकी है SIR की समयसीमा

झारखंड में SIR की समयसीमा पहले भी दो बार बढ़ाई जा चुकी है। पहले अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख 19 अक्टूबर निर्धारित की गई थी।

अब निर्वाचन आयोग के नए कार्यक्रम के अनुसार दावा-आपत्तियों के निपटारे के लिए 23 नवंबर तक और अंतिम सूची के प्रकाशन के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है।

यानी झारखंड में अंतिम मतदाता सूची के लिए अब 30 नवंबर की तारीख अहम हो गई है।

यह भी पढ़ें – SIR के खिलाफ रांची में JMM का प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *