रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस और विपक्ष पर चुनाव आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के संयुक्त बयान के बाद SIR और अन्य फैसलों में मतभेद के विपक्षी दावे की सच्चाई सामने आ गई है।
आदित्य साहू ने कहा कि आयोग के अनुसार SIR समेत प्रमुख फैसले तीनों चुनाव आयुक्तों की सहमति से लिए गए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रम और मनगढ़ंत कहानियां फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को संवैधानिक संस्थाओं पर लगाए गए आरोपों के लिए माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने SIR के फॉर्म-6 को लेकर भी विपक्ष के आरोपों को खारिज किया और कहा कि इससे जुड़े घोषणापत्र को सुप्रीम कोर्ट वैध ठहरा चुका है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर EVM, चुनाव आयोग और सेना से जुड़े मुद्दों पर भी लगातार सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस राजनीतिक हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाती है।
हालांकि, प्रेसवार्ता में राहुल गांधी की मानसिक स्थिति को लेकर आदित्य साहू की व्यक्तिगत टिप्पणी भी सामने आई।
प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह, राफिया नाज, मीडिया सह प्रभारी सतीश सिन्हा और नीरज सिंह मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें – ईचागढ़ में आजसू को बड़ा झटका, हरेलाल महतो ने दिया इस्तीफा; भाजपा में जाने की चर्चा तेज