Dawos/Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की वार्षिक बैठक में भाग लेकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। वह भारत से पहले निर्वाचित आदिवासी नेता बने हैं, जिन्हें दावोस में आयोजित WEF की वार्षिक बैठक में सहभागिता का अवसर मिला। इस दौरान WEF के प्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री को प्रतिष्ठित व्हाइट बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया, जो सामान्यतः राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों को दिए जाने वाले स्थापित सम्मान के अनुरूप माना जाता है।
यह सम्मान झारखंड राज्य के लिए वैश्विक स्तर पर गौरव का विषय है। व्हाइट बैज प्राप्त होने के बाद मुख्यमंत्री को WEF कांग्रेस सेंटर एवं सभी विशेष WEF कार्यक्रमों में समान एवं पूर्ण प्रवेश का अधिकार मिला है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम द्वारा यह बैज विश्व स्तर पर चयनित वैश्विक नेताओं को ही प्रदान किया जाता है और इसे मंच की सबसे विशिष्ट मान्यताओं में से एक माना जाता है।
वैश्विक नेताओं की मौजूदगी के बीच मिला सम्मान
WEF कांग्रेस सेंटर में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों की भागीदारी भी प्रस्तावित है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय वातावरण में झारखंड के मुख्यमंत्री को मिला यह सम्मान राज्य की बढ़ती वैश्विक उपस्थिति और स्वीकार्यता को रेखांकित करता है।
झारखंड के साथ दीर्घकालिक साझेदारी को इच्छुक WEF
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के वरिष्ठ प्रतिनिधियों शैलेश और अनूप ने मुख्यमंत्री को WEF अध्यक्ष के विचारों से अवगत कराते हुए कहा कि मंच झारखंड राज्य के साथ एक दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने को इच्छुक है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा WEF अध्यक्ष को भेजे गए औपचारिक पत्र की भी सराहना की और इसे झारखंड की स्पष्ट विकास-दृष्टि, गंभीरता और वैश्विक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
झारखंड के साथ व्यापारिक साझेदारी बढ़ाने के लिए तैयार है स्वीडन
रणनीतिक विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक के दौरान यह भी चर्चा हुई कि झारखंड दावोस में WEF की टीम के साथ निरंतर संवाद और प्राथमिकताओं के सामंजस्य के माध्यम से अपने संबंधों को और मजबूत कर रहा है। इस दौरान क्रिटिकल मिनरल्स, रेज़िलिएंट एवं समावेशी समाज, तथा जलवायु कार्रवाई और ऊर्जा संक्रमण जैसे तीन प्रमुख विषयों पर साझा सोच और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
WEF प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को WEF साइट भ्रमण का आमंत्रण भी दिया और यह जानकारी दी कि WEF अध्यक्ष झारखंड के साथ भविष्य में मिलकर कार्य करने की संभावनाओं पर प्रत्यक्ष संवाद के लिए इच्छुक हैं।
झारखंड की वैश्विक पहचान को मिला नया बल
यह सम्मान और संवाद वैश्विक मंच पर झारखंड की उभरती पहचान को और मजबूत करता है। साथ ही यह समावेशी, सतत और भविष्य-दृष्टि से प्रेरित विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करता है।