रांची। रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसा बारेंदा टोला देवानसारणा के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े दंपती को आयरन लदे तेज रफ्तार हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन को कुछ दूरी पर खड़ा कर मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के झालदा थाना क्षेत्र के कुशी पापड़ाहुडूम गांव निवासी रमेश महतो और उनकी पत्नी सिंधु वाला देवी के रूप में हुई है।
रिश्तेदार के घर कार्यक्रम में शामिल होने आए थे
बताया गया कि रमेश महतो और उनकी पत्नी बारेंदा स्थित एक रिश्तेदार के घर आयोजित तीन नहान कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। रविवार सुबह करीब 8 बजे दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
देवानसारणा के पास दोनों ने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की थी और किसी व्यक्ति के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान रांगामाटी की ओर से सिल्ली की तरफ जा रहे तेज रफ्तार आयरन लदे हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सिंधु वाला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रमेश महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
मुआवजे की मांग पर सिल्ली-रांगामाटी मार्ग जाम
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर जुट गए। दंपती की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने उचित मुआवजे और हाइवा चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सिल्ली-रांगामाटी मुख्य मार्ग जाम कर दिया।
सुबह करीब 8 बजे शुरू हुआ सड़क जाम लगभग सात घंटे तक जारी रहा। इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
कई अधिकारी मौके पर पहुंचे
जाम की सूचना मिलने पर सोनाहातू थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
इसके बाद बुंडू एसडीएम मोहनलाल मरांडी, बुंडू एसडीपीओ ओम प्रकाश समेत कई थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
बुंडू एसडीपीओ ने दी 25 हजार रुपये की सहायता
ग्रामीणों के अनुसार, बुंडू एसडीपीओ ओम प्रकाश ने अपनी ओर से मृतक परिवार को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारी की इस पहल की सराहना की।
विधायक अमित महतो और JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो भी पहुंचे
जाम की स्थिति को देखते हुए सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगों की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके बाद JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत की तथा उनकी मांगों को लेकर सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रशासनिक अधिकारियों, विधायक और JLKM नेता के समझाने तथा कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण सड़क से हटने को तैयार हुए।
सात घंटे बाद खुला सिल्ली-रांगामाटी मार्ग
करीब सात घंटे तक चले जाम के बाद दोपहर करीब 3 बजे सिल्ली-रांगामाटी मुख्य मार्ग पर यातायात बहाल हो सका। जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने मौके की स्थिति सामान्य कराई और वाहनों का परिचालन शुरू कराया।
सोनाहातू पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार हाइवा चालक की तलाश में जुटी है।
हादसे के बाद मृतक दंपती के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें – जमशेदपुर के एग्रिको में भीषण सड़क हादसा, पिता-पुत्र की मौत, नो-एंट्री में भारी वाहनों के परिचालन पर भड़का आक्रोश