पलामू। झारखंड के पलामू जिले में बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव में अपराधियों ने दो लोगों को गोली मार दी, जबकि एक महिला पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज मेदिनीनगर स्थित मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान मकबूल मियां, सुलेमान मियां और शाहीना बीबी के रूप में हुई है। तीनों चैनपुर थाना क्षेत्र के गरदा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल तीनों को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित MMCH पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है और उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें – रील बनाने के दौरान हादसा : बेलवा नदी में डूबने से नौवीं के छात्र की मौत, बचाने में दोस्त भी घायल
पुलिस ने शुरू की जांच, हमलावरों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
हमले के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
फिलहाल इस हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद बंदुआ गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें – झारखंड शराब घोटाले में ACB का बड़ा एक्शन: पूर्व उत्पाद आयुक्त अमित प्रकाश समेत 3 अधिकारियों को समन