झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन रविवार (19 जुलाई) को रांची के खेलगांव प्रैक्टिस ग्राउंड, बीआईटी ग्राउंड-1, बीआईटी ग्राउंड-2 और जेप-1 डोरंडा में विभिन्न वर्गों के लीग मुकाबले खेले गए। इस मुकाबले में कोल्हान और संथाल प्रमंडल की टीमों ने शानदार प्रदर्शन दी।
अंडर 17 बालिका वर्ग में कोल्हान प्रमंडल ने पलामू प्रमंडल को 10-0 से हराया, जबकि, उत्तरी छोटा नागपुर प्रमंडल ने संताल प्रमंडल को 1-0 से हरा दिया। वहीं, अंडर-17 बालक वर्ग में संताल प्रमंडल ने पलामू को 3-0 और कोल्हान प्रमंडल ने उत्तरी छोटानागपुर को 6-1 से हराकर जीत दर्ज की।
अंडर-15 बालक वर्ग में संताल प्रमंडल ने पलामू प्रमंडल को 12-0 के बड़े अंतर से हराकर प्रतियोगिता में सबसे बड़ी जीत हासिल की। इस प्रतियोगिता के चौथे दिन लीग चरण के शीर्ष स्थान पर रहने वाले टीमें नॉकआउट मुकाबले में आमने-सामने होंगे। फाइनल 21 जुलाई को खेला जाएगा जिसमें नए राज्य चैंपियन का फैसला किया जाएगा।