सरायकेला : सरायकेला थाना क्षेत्र के चमारू-कोलाबीरा ब्रिज के नीचे रविवार को एक निजी स्कूल के शिक्षक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नुवागढ़ धातकीड़ीह निवासी जीतन महतो के रूप में हुई है। वह मिरुडीह स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे।
परिजनों के अनुसार, जीतन महतो शनिवार शाम करीब छह बजे माणिक बाजार में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उनके साथ तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। इसके बाद वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए। काफी तलाश के बाद रविवार सुबह करीब 11 बजे उनका शव चमारू-कोलाबीरा ब्रिज के नीचे बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें – चतरा में हाईवा की टक्कर से छुट्टी पर आए CRPF जवान की मौत के बाद शव रखकर सड़क जाम, मुआवजे और कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस पानी में डूबने से मौत की आशंका जता रही है।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह स्पष्ट नहीं है कि मौत हादसा है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। इस संबंध में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस शादी समारोह में शिक्षक के साथ मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही शिक्षक की मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें – खूंटी में एक ही दिन चार मौतों से सनसनी : तजना नदी किनारे युवक-युवती की हत्या, तिलमा गांव में देवर-भाभी ने लगाई फांसी