जल जीवन मिशन को गति देने के लिए SWSM कार्यकारिणी की बैठक, विभागीय समिट की तैयारियों पर मंथन

Anand Kumar
3 Min Read

Ranchi News: जल जीवन मिशन के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर झारखंड में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रस्तावित विभागीय समिट की तैयारियों को लेकर गुरुवार को राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन (SWSM) की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान ने की।

बैठक में जल जीवन मिशन के तहत चल रही और प्रस्तावित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान जल संरचना परियोजनाओं के क्रियान्वयन, कैच द रेन अभियान, पेयजल स्रोतों की स्थिरता तथा ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के संचालन और रखरखाव को प्रमुख एजेंडे में शामिल किया गया।

पेयजल स्रोतों की स्थिरता पर विशेष जोर

बैठक में Source Sustainability यानी पेयजल स्रोतों की दीर्घकालिक स्थिरता और Operation & Maintenance (O&M) यानी ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।

अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों की उपलब्धता को लंबे समय तक बनाए रखने और जलापूर्ति योजनाओं के निरंतर संचालन के लिए ठोस रणनीति तैयार करने की जरूरत पर जोर दिया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की भूमिका और जिम्मेदारियों को स्पष्ट करते हुए आपसी समन्वय मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

कई विभागों के प्रतिनिधि हुए शामिल

बैठक में पंचायती राज विभाग, जल संसाधन विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा UNICEF के WASH विशेषज्ञ भी बैठक में मौजूद रहे।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता, PMU के पदाधिकारी, मुख्य अभियंता (CDO), उप निदेशक-1, राज्य समन्वयक सहित अन्य अधिकारी बैठक में शामिल हुए।

विभागीय समिट से मिशन को मिलेगी नई गति

बैठक में तय किया गया कि प्रस्तावित विभागीय समिट के माध्यम से जल जीवन मिशन के लक्ष्यों को और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों में ‘हर घर नल से जल’ की सुविधा को स्थायी और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर जोर दिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें – सड़कों और सार्वजनिक स्थलों के नामकरण पर सरकार सख्त, झारखंड में नई नगरपालिका नियमावली लागू

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *