रांची : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के रांची स्थित कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियों की जांच में सामने आया है कि आरोपी सैफ अंसारी, अमन अंसारी और सायम सुजान हमले के बाद राज्य से फरार होने की तैयारी में थे। इनमें से सैफ अंसारी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान घायल हो गया और फिलहाल इलाजरत है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल फोन और डिजिटल गतिविधियों की जांच में कुछ ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनसे उनके कथित तौर पर कट्टरपंथी और आतंकी नेटवर्क से संपर्क के संकेत मिले हैं। अधिकारियों का दावा है कि प्रारंभिक जांच में अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों से जुड़े कुछ लिंक सामने आए हैं, जिनकी गहन जांच जारी है।
दुबई में हुई थी मुलाकात, प्रशिक्षण का दावा
पूछताछ के दौरान सैफ अंसारी ने कथित रूप से बताया कि वह कुछ महीने पहले काम के सिलसिले में दुबई गया था। वहीं उसकी मुलाकात कुछ ऐसे लोगों से हुई, जिन्होंने उसे संगठन से जोड़ने और हमले की योजना में शामिल करने का काम किया। जांच एजेंसियों का दावा है कि उसे बम बनाने और हमला करने से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया गया था।
अधिकारियों के अनुसार, रांची में RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना का उद्देश्य भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करना था। इस मामले में तीसरे आरोपी सायम सुजान की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
यह भी पढ़ें – रांची में RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला: दो आरोपी गिरफ्तार, NIA ने भी की जांच
हमले के बाद बेखौफ घूमते रहे आरोपी
जांच में सामने आया है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शहर के विभिन्न इलाकों में घूमते रहे। पुलिस को शुरुआती घंटों में उनकी गतिविधियों की जानकारी नहीं मिल सकी। हालांकि, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान कर ली।
जब आरोपियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं और केंद्रीय एजेंसियों के जांच में शामिल होने की खबर सामने आई, तब उन्होंने शहर छोड़ने की योजना बनाई।
दिल्ली भागने की कोशिश, कोडरमा में गिरफ्तारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सैफ और अमन रांची रेलवे स्टेशन पहुंचे और नई दिल्ली जाने वाली झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में सवार हो गए। लेकिन इससे पहले कि वे राज्य की सीमा से बाहर निकल पाते, पुलिस ने कोडरमा जिले के गझंडी रेलवे स्टेशन के पास दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी सायम सुजान को भी दबोच लिया गया।
थाने से फरार हुआ सैफ, चान्हो में पकड़ा गया
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के लिए लाए गए सैफ अंसारी ने कथित तौर पर शौचालय की खिड़की तोड़कर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे मांडर-चान्हो क्षेत्र में ट्रेस कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पकड़ने के दौरान आरोपी ने एक पुलिस अधिकारी का सर्विस रिवॉल्वर छीनकर भागने की कोशिश की और गोली भी चलाई। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ATS को सौंपी गई जांच
मामले में अंतरराष्ट्रीय और आतंकी नेटवर्क से संभावित संबंधों की आशंका को देखते हुए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने इस केस की जांच झारखंड एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) को सौंप दी है। ATS अब आरोपियों के संपर्क, फंडिंग, डिजिटल नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की जांच करेगी।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
यह भी पढ़ें – झारखंड राज्यसभा चुनाव : बैजनाथ राम और परिमल नाथवाणी विजयी, कांग्रेस के प्रणव झा को मिली हार