Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 की नई तिथि घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा 19 अप्रैल 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। पहले यह परीक्षा 12 अप्रैल को प्रस्तावित थी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से तिथि में बदलाव किया गया है। आयोग के परीक्षा विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर दी है।
दो पालियों में होगी परीक्षा, समय भी तय
आयोग के अनुसार परीक्षा राज्य के विभिन्न जिलों में निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी और इसे दो पालियों में संपन्न कराया जाएगा।
पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सामान्य अध्ययन प्रथम पत्र की होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक सामान्य अध्ययन द्वितीय पत्र के लिए निर्धारित की गई है।
8 अप्रैल से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 8 अप्रैल 2026 से JPSC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ वैध फोटो पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा। बिना पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
यह भी देखें – JPSC सिविल सेवा परीक्षा-2025 : 142 नियमित पदों पर नियुक्ति, 8 मार्च 2026 को प्रारंभिक परीक्षा संभावित
सख्त निर्देश: मोबाइल और गैजेट्स पर पूरी तरह रोक
JPSC ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा।
OMR शीट भरने में सावधानी बरतने और केवल नीले या काले बॉल पेन का उपयोग करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा परीक्षा के दौरान बायोमेट्रिक और IRIS जांच की भी व्यवस्था की गई है, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।
हेल्पलाइन नंबर जारी, अभ्यर्थियों को राहत
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी प्रकार की समस्या होने पर अभ्यर्थी आयोग के हेल्पलाइन नंबर 8929883832 पर संपर्क कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन सक्रिय रहेगी।
अभ्यर्थियों की प्रतिक्रिया: “अब और देरी नहीं”
परीक्षा तिथि में बदलाव को लेकर अभ्यर्थियों की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि यह परीक्षा लंबे समय से लंबित है, इसलिए अब इसे बिना किसी और देरी के संपन्न कराया जाना चाहिए।
एक अभ्यर्थी ने कहा, “हम काफी समय से इस परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। अब और देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि आगे की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।”
यह भी देखें – झारखंड में भर्तियों का संकट : JPSC, JSSC में उलझा है युवाओं का भविष्य
तैयारी के लिए मिला अतिरिक्त समय
तिथि में बदलाव के बाद अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने का एक अतिरिक्त मौका मिला है। वहीं JPSC की ओर से भी परीक्षा को सुचारु और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।