हजारीबाग में पुलिस-प्रिंस खान गैंग के बीच मुठभेड़ में एक शूटर जख्मी, कई गिरफ्तार

Anand Kumar
3 Min Read

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़े संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक संदिग्ध अपराधी सैयद मोहम्मद दिशान के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि कई अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। घायल अपराधी का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग से जुड़े अपराधी 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के आसपास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही जिले के संवेदनशील इलाकों में विशेष अभियान चलाया गया।

इसी दौरान बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह अपनी टीम के साथ जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने पहले फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस कार्रवाई में सैयद मोहम्मद दिशान घायल हो गया।

यह भी पढ़ें – पलामू में खूनी हमला : दो लोगों को गोली मारी, महिला पर चाकू से वार, तीनों गंभीर

एसपी अमन कुमार ने बताया कि घायल आरोपी हजारीबाग का रहने वाला है और पहले एनटीपीसी में ड्राइवर के रूप में काम कर चुका है। प्रारंभिक पूछताछ में उसके लातेहार में काम करने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने दावा किया कि पिछले 24 घंटे के भीतर प्रिंस खान गिरोह से जुड़े कई अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में हथियारों के लेनदेन और गैंग को सूचना उपलब्ध कराने जैसी बातों की भी पुष्टि हुई है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

गौरतलब है कि 26 जुलाई को बड़कागांव के 13 माइल इलाके में एनटीपीसी की दो कोयला ट्रांसपोर्टिंग हाईवा गाड़ियों पर पांच राउंड फायरिंग की गई थी। हालांकि उस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था। उसी घटना के बाद से पुलिस लगातार प्रिंस खान गैंग की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। ताजा मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें – झारखंड शराब घोटाले में ACB का बड़ा एक्शन: पूर्व उत्पाद आयुक्त अमित प्रकाश समेत 3 अधिकारियों को समन

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *