रांची एयरपोर्ट पर माही से हुई अचानक मुलाकात, मुख्यमंत्री ने साझा की तस्वीरें

Anand Kumar
3 Min Read
रांची एयरपोर्ट पर महेंद्र सिंह धोनी के साथ हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन।

रांची : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके झारखंड के सबसे बड़े क्रिकेट आइकन महेंद्र सिंह धोनी का क्रेज आज भी बरकरार है। इसी कड़ी में उनकी एक ताजा तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के साथ नजर आ रहे हैं। यह तस्वीरें खुद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा की हैं।

“माही से अचानक मिलना हुआ” – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “माही से अचानक मिलना हुआ”। तस्वीर में मुख्यमंत्री और धोनी दोनों मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। वहीं कल्पना सोरेन ने भी सोशल मीडिया पर तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि “झारखंड के लाल महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात हुई”
इन तस्वीरों ने एक बार फिर यह साफ कर दिया कि झारखंड की पहचान और भावनाओं से धोनी कितनी गहराई से जुड़े हुए हैं।

एयरपोर्ट पर हुई मुलाकात, कुछ पल की बातचीत

जानकारी के अनुसार यह मुलाकात रांची एयरपोर्ट पर उस समय हुई, जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी बीमार माता को इलाज के लिए हैदराबाद भेजने पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। इसी बीच एयरपोर्ट पर महेंद्र सिंह धोनी से मुख्यमंत्री की अचानक मुलाकात हो गई। दोनों कुछ देर रुके और आपस में बातचीत की, हालांकि बातचीत के विषय का खुलासा नहीं हो सका।

दुख की निजी परिस्थिति के बावजूद मुख्यमंत्री ने धोनी का गर्मजोशी से अभिवादन किया, जिसे लोगों ने काफी सराहा।

रांची और धोनी का गहरा रिश्ता

महेंद्र सिंह धोनी फिलहाल रांची रिंग रोड स्थित सिमलिया में अपने फार्म हाउस में रहते हैं। भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने के शुरुआती दौर में वह हरमू क्षेत्र में रहते थे। आज भी जब भी रांची आते हैं, वह जेएससीए स्टेडियम का रुख जरूर करते हैं।
फैंस से घिरे रहने के बावजूद धोनी का स्वभाव हमेशा सादगी भरा रहा है और वह अक्सर प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आते हैं।

कप्तान के रूप में रचा इतिहास

महेंद्र सिंह धोनी भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने 2007 का टी-20 विश्व कप, 2011 का वनडे विश्व कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती। वह वनडे क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करने वाले पहले विकेटकीपर बल्लेबाज भी रहे हैं। फिलहाल वह एक बार फिर आईपीएल में खेलते नजर आएंगे।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *