Dhanbad : वर्ष 2026 के नगर निकाय चुनावों की तारीखों की घोषणा के साथ ही झारखंड की सियासत में हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह ने धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी की औपचारिक घोषणा कर दी है। संजीव सिंह ने इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को पत्र भेजकर अपनी उम्मीदवारी से अवगत कराया है।
पार्टी नेतृत्व को लिखा पत्र, संगठन के प्रति निष्ठा जताई
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भेजे गए पत्र में संजीव सिंह ने खुद को एक प्रतिबद्ध, अनुशासित और समर्पित पार्टी कार्यकर्ता बताया है। उन्होंने लिखा है कि वे प्रारंभ से ही पार्टी की विचारधारा और राष्ट्रीय हित के सिद्धांतों के प्रति निष्ठावान रहे हैं।
संजीव सिंह ने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें मेयर पद की जिम्मेदारी सौंपता है, तो वे धनबाद शहर के सर्वांगीण विकास, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी निष्ठा और लगन के साथ काम करेंगे।
झारखंड मूल के प्रवासियों की गरिमा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : हेमंत सोरेन
राजनीतिक परिवार से जुड़ा रहा है नाम
अपने राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए संजीव सिंह ने पत्र में लिखा कि उनका परिवार लंबे समय से जनसेवा से जुड़ा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह चार बार विधायक रहे, जबकि उनकी मां कुंती देवी दो बार विधायक निर्वाचित हुईं। वर्तमान में उनकी पत्नी रागिनी सिंह झरिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
मजदूर संगठनों से जुड़ाव का दावा
संजीव सिंह ने यह भी रेखांकित किया कि वे भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) से जुड़े मजदूर यूनियनों के साथ लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, उनके हितों और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों के चलते उन्हें आम लोगों और श्रमिक वर्ग की समस्याओं का प्रत्यक्ष अनुभव मिला है।
पार्टी का फैसला सर्वोपरि
संजीव सिंह ने पत्र में पार्टी नेतृत्व से मार्गदर्शन और समर्थन की अपेक्षा जताई, साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि संगठन का निर्णय उन्हें पूर्ण रूप से स्वीकार होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी फैसला लेगी, वह उसका सम्मान करेंगे और उसे जमीन पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
मेयर पद के लिए दावेदारी की घोषणा के बाद धनबाद और झरिया के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। 2026 के नगर निगम चुनावों को लेकर अब भाजपा के भीतर संभावित उम्मीदवारों को लेकर मंथन और तेज होने की संभावना है।
वर्दी में पत्नी संग रील बनाना पड़ा महंगा, हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू चौधरी पर बैठी जांच