प्रेमिका पर बुरी नजर रखने पर चचेरे भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Anand Kumar
4 Min Read
गिरफ्तार आरोपी के साथ एसपी

Dumka : दुमका जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। मामला मसलिया थाना क्षेत्र के हारोरायडीह गांव का है, जहां एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई की हत्या कर दी। हत्या की वजह मृतक का आरोपी की प्रेमिका पर गलत नजर रखना और पैसों को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।

एफआईआर से शुरू हुई जांच, कहानी निकली झूठी

दो दिन पूर्व हारोरायडीह गांव निवासी बाबूसोल बास्की ने मसलिया थाना में लिखित आवेदन देकर बताया था कि उसके साले चुहापानी हांसदा की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई है। आवेदन में दावा किया गया कि चुहापानी अपने चचेरे भाई मनीलाल हांसदा के साथ फुटबॉल मैच देखकर चूहड़बुना गांव से लौट रहा था, तभी अज्ञात लोगों ने दोनों को घेरकर मारपीट की, जिसमें चुहापानी की मौत हो गई और मनीलाल घायल हो गया।

पुलिस ने इस बयान के आधार पर कांड संख्या 05/26 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 103(1)/3(5) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

गिरिडीह में दो आदिवासी नाबालिग लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने तेज की आरोपियों की तलाश

घटनास्थल ने खोली सच्चाई

जब पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की, तो कई विरोधाभास सामने आए। मौके की परिस्थितियां इस बात की पुष्टि नहीं कर रही थीं कि वहां किसी बाहरी हमले की घटना हुई हो। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की, जिसमें शक की सुई सीधे घायल बताए जा रहे मनीलाल हांसदा पर जा टिकी।

पूछताछ में टूटा आरोपी, कबूली हत्या

संदेह के आधार पर मनीलाल को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि मृतक चुहापानी हांसदा पहले से ही उसकी प्रेमिका पर गलत नजर रखता था, जिसको लेकर वह आक्रोश में था।

हत्या वाले दिन दोनों साथ में फुटबॉल मैच देखने गए थे, जहां उन्होंने हड़िया (देसी शराब) पी और खाना खाया। लौटते समय गांव से कुछ दूरी पहले चुहापानी ने खर्च के 100 रुपये मनीलाल से मांगे। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

पत्थर और लोहे के कड़े से सिर पर वार

आरोपी के अनुसार, प्रेमिका पर बुरी नजर और पैसों की मांग से वह इतना भड़क गया कि उसने लोहे के कड़े और पत्थर से चुहापानी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल चुहापानी को इलाज के लिए ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा पत्थर और लोहे का कड़ा (बाला) भी बरामद कर लिया है।

एसपी का बयान

प्रेस वार्ता में पीताम्बर सिंह खेरवार ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि प्रारंभिक कहानी पूरी तरह भ्रामक थी। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक के चचेरे भाई ने ही की है। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।

विधायक सरयू राय का अल्टीमेटम : कैरव गांधी की सकुशल वापसी नहीं हुई तो 3 फरवरी को जमशेदपुर में होगा मौन प्रदर्शन

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *