युवा झारखंड को अग्रणी राज्य बनाने के सपने लेकर दावोस आया हूं : हेमंत सोरेन

Anand Kumar
3 Min Read
भारत पेवेलियन के उद्घाटन समारोह में बोलते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।

हरित ऊर्जा और निवेश के नये अवसरों से विकसित भारत एवं समृद्ध झारखंड को मिलेगी नई गति

Davos/Ranchi : विश्व आर्थिक मंच (WEF) की वार्षिक बैठक 2026 में झारखंड की पहली भागीदारी के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हरित ऊर्जा, टिकाऊ विकास और निवेश के नए अवसरों पर जोर देते हुए कहा कि यह प्रयास “विकसित भारत 2047” तथा “समृद्ध झारखंड 2050” के लक्ष्यों को नई गति प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने दावोस में भारत पेवेलियन के उद्घाटन समारोह में भाग लिया, जहां केंद्र सरकार तथा विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध झारखंड हरित ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है। वैश्विक नेताओं, कंपनियों और देशों के साथ हुई सार्थक चर्चाएं राज्य के विकास और निवेश प्रयासों को मजबूती देंगी। इस अवसर पर WEF ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रतिष्ठित व्हाइट बैज से सम्मानित किया। यह सम्मान भारत के पहले आदिवासी निर्वाचित नेता के रूप में उनकी भागीदारी और झारखंड में परिवर्तनकारी कार्यों की मान्यता है। मुख्यमंत्री ने इसे झारखंड एवं राज्यवासियों का सम्मान बताते हुए कहा, “यह गौरव का क्षण है। मैं राज्यवासियों को हार्दिक बधाई देता हूं।

”एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा, “युवा झारखंड को अग्रणी राज्य बनाने के सपने लेकर दावोस आया हूं। हमारे पुरखों और बाबा दिशोम गुरुजी के सपनों को पूरा करने के मकसद से यहां वैश्विक मंच पर राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। विभिन्न कंपनियों के साथ निवेश को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई है। WEF में भी कई ग्लोबल लीडर्स से निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। झारखंड आगे बढ़ेगा, तो हमारे राज्यवासी भी आगे बढ़ेंगे।”

मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन सहित उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल दावोस में विदेशी निवेश की तलाश में सक्रिय है।

झारखंड

झारखंड में निवेश के खुलते द्वार

पहले दिन की बैठकों में टाटा स्टील, हिताची, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, इंफोसिस, वेलस्पन, एबी इनबेव, ब्लूमबर्ग, टेक महिंद्रा, अल्फानार, रामकी ग्रुप, एवरस्टोन ग्रुप तथा स्वीडन, अमेरिका और यूरोप की वैश्विक व्यापार परिषदों के प्रमुखों से मुलाकात हुई। इन चर्चाओं में टिकाऊ उद्योग, हरित ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, आधुनिक बुनियादी ढांचा, डिजिटल तकनीक तथा जलवायु-अनुकूल औद्योगिक विकास में निवेश के अवसरों पर विस्तार से बात हुई।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने भारत पेवेलियन के साथ झारखंड पेवेलियन का भी उद्घाटन किया, जो राज्य की वैश्विक छवि को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।यह भागीदारी झारखंड के युवा राज्य के रूप में वैश्विक मंच पर सक्रिय उपस्थिति का प्रतीक है, जो हरित नवाचार और जिम्मेदार निवेश के माध्यम से राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दर्शाती है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *