Ranchi : झारखंड में अपराध और त्रासदियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से हत्या, आत्महत्या और पुलिस महकमे की बड़ी लापरवाही की चौंकाने वाली खबरें सामने आई हैं। गोमिया में जहां शादी में हो रही देरी से निराश होकर एक प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर जान दे दी, वहीं लातेहार में अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति की पत्थर से कूचकर निर्मम हत्या कर दी गई। इधर गढ़वा में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जबकि राजधानी रांची के नामकुम थाने के हाजत में एक खूंखार हत्यारोपी द्वारा की गई आत्महत्या ने पुलिस सुरक्षा की पोल खोल दी है। इस लापरवाही पर 5 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
आइए, क्राइम डायरी में विस्तार से जानते हैं राज्य की इन चार बड़ी आपराधिक घटनाओं के बारे में:
1. गोमिया: शादी में देरी से नाराज प्रेमी युगल ने पेड़ से लटककर दी जान
बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड स्थित चतरो चट्टी थाना क्षेत्र के मुरपा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक प्रेमी-प्रेमिका की लाश पेड़ से लटकती मिली है। मृतकों की पहचान मुरपा गांव निवासी सावित्री कुमारी और विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के डुमरिया टांड़ गांव निवासी फूलचंद मांझी के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें – पटना साइबर ठगी: 2.25 करोड़ का ‘मास्टरमाइंड’ खुद को पीड़ित बताकर पहुंचा थाना, ऐसे खुला राज
परिजनों के अनुसार, दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी के लिए जिद कर रहे थे। दोनों परिवारों ने सहमति जताते हुए शादी के लिए एक वर्ष का समय मांगा था, लेकिन युवक-युवती इस इंतज़ार के लिए तैयार नहीं थे। होली से ठीक एक दिन पहले (मंगलवार को) दोनों सरहुल मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकले थे और फिर वापस नहीं लौटे। दो दिन की तलाश के बाद, आज सुबह प्रेमिका के घर से महज 100 मीटर की दूरी पर एक पेड़ से दोनों के शव फंदे से लटकते मिले। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने शवों को नीचे उतार दिया था।
चतरो चट्टी थाना प्रभारी शशि शेखर ने बताया, “मौके पर दोनों शव फंदे से लटके मिले हैं। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। प्रारंभिक जांच में कुछ जानकारी मिली है, लेकिन पूरी छानबीन के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।” पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
2. लातेहार: अवैध संबंध में कारू सिंह की हत्या, 24 घंटे में खुलासा, 4 गिरफ्तार
लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र में रंजन सिंह उर्फ कारू सिंह की हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश कर दिया है। होली के दिन कारू सिंह का शव माइल गांव के पास मिला था, जिसकी हत्या पत्थर से कूचकर की गई थी। लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि हत्या का मुख्य कारण अवैध संबंध था।
यह भी पढ़ें – झारखंड में जलस्रोत बने जानलेवा: कोडरमा में तीन बच्चों की डूबकर मौत, पलामू में कुएं से दो सगी बहनें मृत, तीसरी घायल मिली
जानकारी के अनुसार, कारू सिंह का गांव की ही एक महिला के साथ अवैध संबंध था, जिससे महिला का पति और अन्य ग्रामीण काफी नाराज थे। बार-बार चेतावनी के बावजूद कारू सिंह नहीं माना। होली से एक दिन पहले की रात जब वह महिला से मिलने गया, तो महिला के पति से उसका झगड़ा हो गया। आदतों से परेशान अन्य ग्रामीण भी वहां इकट्ठा हो गए और उन्होंने कारू सिंह की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी गई और शव को सड़क से थोड़ी दूर नर्सरी के पास फेंक दिया।
पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल आरोपी पति-पत्नी के साथ-साथ गांव के जमुना उरांव और शंभू उरांव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, एसआई सत्येंद्र कुमार, सुमित कुमार सिंह और एएसआई मिश्रा मांझी की अहम भूमिका रही।
3. गढ़वा: जमीन विवाद में पीट-पीटकर हत्या, कुल्हाड़ी और डंडे बरामद
गढ़वा जिले के बड़गड़ थाना इलाके के हेसातु गांव (दुबियाठी टोला) में जमीन विवाद में एक व्यक्ति की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस हिंसक झड़प में मृतक के परिवार के लोग भी घायल हुए हैं।
रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने घायलों को सदर अस्पताल (गढ़वा) भेजा और मृतक का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों—रामकिशुन यादव (उर्फ दुबई यादव), राजू यादव, छोटू यादव (उर्फ शिव कुमार यादव) और संतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो लकड़ी के बेत, खून से सनी एक कुल्हाड़ी और एक लकड़ी का डंडा बरामद किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस घटना से पहले आरोपियों ने मृतक की तीन बकरियों को भी जहर देकर मार डाला था। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
4. रांची: नामकुम थाना हाजत में हत्यारोपी ने की आत्महत्या, 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड
राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में एक बड़ी पुलिस लापरवाही सामने आई है। हाजत (लॉकअप) में एक संगीन हत्यारोपी द्वारा आत्महत्या करने के बाद रांची के सीनियर एसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
निलंबित होने वालों में एएसआई प्रभुवन कुमार, हवलदार सुधीर शर्मा, हवलदार गयानंद, आरक्षी मुकेश ठाकुर और राहुल प्रताप सिंह शामिल हैं। वहीं, चौकीदार रेहान अंसारी और महानंद टोप्पो पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए रांची डीसी से अनुरोध किया गया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार के निलंबन की भी तैयारी चल रही है।
क्या था मामला? 45 वर्षीय आरोपी जगय मुंडा को अपनी ही महिला मित्र के 12 साल के बच्चे का अपहरण कर हत्या करने के आरोप में 4 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी ने बच्चे को रामगढ़ ले जाकर मार डाला था और शव दफना दिया था। 5 मार्च को उसे जेल भेजा जाना था, लेकिन बुधवार देर रात उसने नामकुम थाने के हाजत में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पुलिस की कस्टोडियल सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें – पलामू में युवक को पीट-पीटकर मारा : बैटरी चोरी की अफवाह से शुरू हुई कहानी, जांच में निकला प्रेम प्रसंग का एंगल