Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया क्षेत्र से लापता हुए दो नाबालिग बच्चों को पुलिस ने करीब एक महीने बाद पंजाब के अमृतसर से सुरक्षित बरामद कर लिया है। दोनों बच्चे 17 दिसंबर 2025 को घर से अचानक निकल गए थे, जिसके बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।
बरामद किए गए दोनों नाबालिग गम्हरिया के एनकेएस मैदान के पास रहने वाले रणजीत कुमार के पुत्र बताए जा रहे हैं।
ट्रेन से आसनसोल होते हुए पहुंचे अमृतसर
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों नाबालिग पहले सरायकेला से ट्रेन के जरिए आसनसोल पहुंचे, फिर जसीडीह होते हुए अमृतसर चले गए। बच्चों के घर से लापता होने के बाद परिजनों ने गम्हरिया थाना में इसकी लिखित सूचना दी थी, जिसके आधार पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की।
गिरिडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 35 किलो से अधिक चोरी की चांदी बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
विशेष टीम गठित, रेलवे प्रशासन से मिला सहयोग
गम्हरिया थाना के दरोगा मनोज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। बच्चों की तलाश के लिए रेलवे प्रशासन से भी मदद ली गई। इस दौरान रेलवे डीजी अनिल पालटा से समन्वय स्थापित किया गया, जिससे जांच को अहम दिशा मिली।
रेलवे और जीआरपी की मदद से सोमवार को अमृतसर रेलवे स्टेशन से दोनों नाबालिगों को सकुशल बरामद कर लिया गया।
इंस्टाग्राम लिंक से मिली लोकेशन
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों बच्चे अपनी मर्जी से घर से निकले थे। उन्हें इंस्टाग्राम पर मिले एक लिंक के तकनीकी विश्लेषण के जरिए ट्रेस किया गया, जिससे उनकी लोकेशन का पता चला और पुलिस वहां तक पहुंच सकी।
परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी
पुलिस ने बताया कि दोनों नाबालिग पूरी तरह सुरक्षित हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस सफल कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
रांची के मेयर पद को लेकर झामुमो-कांग्रेस में दिख रहे टकराव के आसार