पटना में दिनदहाड़े हत्या : 2020 के पीएनबी बैंक लूटकांड के आरोपी अमन शुक्ला को बदमाशों ने गोलियों से भूना

Anand Kumar
4 Min Read

Patna : राजधानी पटना के व्यस्त इलाके विद्यापुरी में शाम करीब 6 बजे अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर 38 वर्षीय अमन शुक्ला की हत्या कर दी। अमन अपनी पत्नी और 9 वर्षीय बेटे के साथ बाइक पर थेरेपी कराकर लौट रहे थे। बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक रोकी और 10 राउंड से ज्यादा फायरिंग की। पत्नी और बच्चे बाल-बाल बच गए। इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों में दुबक गए। पुलिस ने मामले में SIT गठित कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

चश्मदीदों के अनुसार, अमन शुक्ला पल्सर बाइक पर पत्नी और ऑटिज्म से पीड़ित बेटे को लेकर मुन्नाचक स्थित विद्यापुरी पार्क के पास थेरेपी सेंटर से लौट रहे थे। करीब 5:45 बजे सेंटर से निकले ही थे कि पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। सामने से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अमन को कई गोलियां लगीं और अस्पताल पहुंचते ही उनकी मौत हो गई। पत्नी और बच्चे चमत्कारिक रूप से बच गए। मौके पर सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार समेत पांच थानों की पुलिस पहुंची। एसपी ने बताया कि अमन रोजाना बच्चे की थेरेपी कराने आता था। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

गुमला में सनसनीखेज हत्याकांड : पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, जंगल से बरामद हुआ शव

पुलिस के अनुसार, अमन शुक्ला 2020 में पटना के बेऊर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 52 लाख रुपये की लूटकांड का मुख्य आरोपी था। 10-12 हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में घुसकर कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाया, डीवीआर तोड़ा और कैश लेकर फरार हो गए थे। अमन मूल रूप से शिक्षक था और छात्रों के बीच “अमन सर” के नाम से जाना जाता था। 2018 में मुजफ्फरपुर से पटना शिफ्ट होने के बाद उसने दोस्तों के साथ गैंग बनाया, जिसमें टीचर, कंपाउंडर, मिस्त्री जैसे प्रोफेशनल शामिल थे। गैंग में नंबर दो की हैसियत में कराटे टीचर हरिनारायण था।

अमन मई 2025 में जेल से बाहर आया था। रिहाई के बाद वह सिक्योरिटी और बाउंसर सप्लाई की कंपनी चला रहा था। पुलिस को शक है कि पुराने साथियों से फिर संपर्क और किसी विवाद में यह हत्या हुई। वैशाली और मुजफ्फरपुर में भी उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

एसपी परिचय कुमार ने कहा कि स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआइटी) गठित की गई है, जिसमें डीआइयू टीम, कंकड़बाग, पत्रकार नगर और चित्रगुप्त नगर थाने के थानेदार शामिल हैं। चार टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। अब तक 80 से ज्यादा फुटेज देखे जा चुके हैं। दो टीमें रेड कर रही हैं और दो टीमें हर एंगल से जांच कर रही हैं। बदमाशों की पहचान और मकसद जल्द पता लगाने का दावा किया गया है।
विद्यापुरी जैसे पॉश इलाके में दिनदहाड़े गोलीबारी से लोग सहम गए हैं। वारदात के बाद कई लोग घरों के दरवाजे बंद कर अंदर दुबक गए। स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द खुलासा होगा।

बांग्लादेश में हिंदुओं पर कहर : विधवा महिला से सामूहिक बलात्कार, 18 दिन में 4 हत्याएं, अल्पसंख्यक दहशत में

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *