1.36 लाख करोड़ का दावा! MMDR कानून पर केंद्र से भिड़े हेमंत सोरेन, बोले- अब लड़ाई होगी

Anand Kumar
3 Min Read

रांची: खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त सलाह-मशविरा किए कानून में बदलाव किया गया, जिसका झारखंड के हितों पर गंभीर असर पड़ सकता है। मुख्यमंत्री ने नए प्रावधानों को राज्य के आदिवासी, दलित, पिछड़े और गरीब वर्गों के लिए बेहद प्रतिकूल बताया।

हेमंत सोरेन ने कहा कि अचानक और बिना राज्यों से पर्याप्त सलाह लिए मानसून सत्र में MMDR कानून में बदलाव किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि कानून के नए प्रावधानों के कारण झारखंड को पूर्व में हुए नुकसान की भरपाई का रास्ता भी मुश्किल हो सकता है।

खनन क्षेत्र के ₹1.36 लाख करोड़ के बकाये का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार पहले ही खनन क्षेत्र से जुड़े करीब 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपये के बकाये का दावा केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत कर चुकी है। उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इससे जुड़े अधिकार तथा राजस्व राज्य की वित्तीय मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

हेमंत सोरेन के मुताबिक, केंद्र सरकार के नए प्रावधानों से राज्य की वित्तीय क्षमता प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि झारखंड जैसे खनिज-संपन्न लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर राज्य के लिए खनिज राजस्व विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को संचालित करने का महत्वपूर्ण आधार है।

यह भी पढ़ें – JSSC-CGL रद्द होने के विरोध में प्रोजेक्ट भवन में घुसे कर्मचारी, बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस से धक्का-मुक्की

‘कमजोर राज्यों की आर्थिक क्षमता पर कुठाराघात’

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि नए कानून के जरिए कमजोर राज्यों की आर्थिक क्षमता पर कुठाराघात किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व पर राज्यों का अधिकार सीमित होता है तो आने वाले समय में झारखंड जैसे राज्यों के सामने विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने की चुनौती बढ़ सकती है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि झारखंड सरकार इस कानून का विरोध करती है और इसके खिलाफ लड़ाई लड़ेगी। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद MMDR संशोधन विधेयक को लेकर केंद्र और झारखंड सरकार के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत हैं।

यह भी पढ़ें – झारखंड में छात्रों का आंदोलन दो महीने के लिए स्थगित, सरकार को 60 दिन का अल्टीमेटम; JSSC-CGL सफल अभ्यर्थियों का धरना जारी

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *