जमीन विवाद में हुई थी JLKM नेता तारापदो महतो की हत्या , दो शूटर गिरफ्तार

Anand Kumar
3 Min Read

जेल से रची गई थी साजिश, देसी कट्टा, बाइक और खून लगा चाकू बरामद

तारापदो

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़िया कॉलोनी में उपमुखिया पति और JLKM पार्टी के नेता तारापदो महतो की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिरसानगर निवासी विकास दुबे और अभिषेक कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक देसी कट्टा, वारदात में प्रयुक्त बाइक और खून से सना चाकू भी बरामद किया है।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि तारापदो महतो की हत्या के पीछे जमीन विवाद मुख्य वजह थी। जांच में सामने आया है कि इस हत्या की साजिश घाटशिला जेल में बंद आर्म्स एक्ट के आरोपी जितेंद्र दुबे ने रची थी।

एसपी के अनुसार, जितेंद्र दुबे ने जेल में रहते हुए अपने भाई छोटू गोराई के माध्यम से शूटरों की व्यवस्था कराई। इसके बाद छोटू गोराई ने जगरनाथ गोराई को डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए तैयार किया।

जमशेदपुर से गायब उद्योगपति के बेटे कैराव गांधी का अब तक नहीं मिला सुराग, बढ़ती जा रही है चिंता

10-10 हजार में तैयार हुए शूटर

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जगरनाथ गोराई ने आगे विकास दुबे और अभिषेक कुमार को महज 10-10 हजार रुपये का लालच देकर हत्या में शामिल किया। वारदात के दिन सभी आरोपी एक ही बाइक से खड़िया कॉलोनी पहुंचे थे।

जब तारापदो महतो अपना सीएससी केंद्र बंद कर रहे थे, उसी दौरान अभिषेक कुमार और जगरनाथ गोराई दुकान के अंदर घुसे। पहले अभिषेक ने चाकू से हमला कर तारापदो को गंभीर रूप से घायल किया, इसके बाद जगरनाथ ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

ग्रामीण एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

तारापदो महतो की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

13 दिन बाद सुरक्षित मिले अंश-अंशिका : झारखंड पुलिस की बड़ी सफलता, मानव तस्करी नेटवर्क का खुलासा

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *