हैवान बना पति! पत्नी की हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में छिपाया, 48 घंटे में पुलिस ने खोला सनसनीखेज राज

Anand Kumar
3 Min Read

सरायकेला जिले के सीनी क्षेत्र की घटना

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाले एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पत्नी की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को शौचालय के सेप्टिक टैंक में छिपाने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) की त्वरित जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले पत्नी के सिर पर लोहे की पट्टी से हमला किया और फिर बिजली के तार व गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को सीनी ओपी क्षेत्र के खुजुबगान स्थित एक घर के शौचालय के सेप्टिक टैंक से अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर गंभीर चोट और गला घोंटकर हत्या किए जाने के संकेत मिले।

यह भी पढ़ें – आदित्यपुर से रूंगटा पार्क जाने निकलीं थीं 4 सहेलियां, 3 रहस्यमय ढंग से हईं लापता, फिर क्या हुआ?

मृतका की पहचान के बाद पति पर गया शक

जांच के दौरान मृतका की पहचान संबरी हेंब्रम के रूप में हुई। पुलिस ने तकनीकी, भौतिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर उसके पति सोमरा हेंब्रम (39) से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी के बयान में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने सख्ती से जांच की, जिसके बाद उसने हत्या की पूरी वारदात स्वीकार कर ली।

हत्या के बाद शव छिपाने की रची साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले लोहे की पट्टी से पत्नी के सिर पर वार किया। इसके बाद बिजली के तार और गमछे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद पहचान छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से शव को शौचालय के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की पट्टी, गमछा और बिजली का तार बरामद कर जब्त कर लिया है।

एसआईटी की जांच में 48 घंटे में खुला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने तेजी से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल की जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ें – जामताड़ा में सनसनी: पुल के पास नदी किनारे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *