रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं दही-हांडी प्रतियोगिता में शामिल हुए। श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति, मोरहाबादी, रांची की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने के लिए सभी लोग यहां एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि वह लगातार ऐसे आयोजनों में लोगों के साथ शामिल होते रहे हैं। मोरहाबादी मैदान में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या ने जन्मोत्सव के माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल सभी श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनके उपदेश मानवता को सत्य, धर्म, प्रेम, करुणा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने के साथ-साथ समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।

दही-हांडी प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में शामिल प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने दही-हांडी प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रतिभागी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण से झारखंड में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य निरंतर विकास और उन्नति के रास्ते पर आगे बढ़ता रहे।
ये गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, विधायक सुरेश कुमार बैठा, झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति के संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें – सीएम हेमंत सोरेन से गणेश पूजा रांची महानगर महासमिति के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, महोत्सव में शामिल होने का दिया न्योता