रांची वीमेंस कॉलेज की पीजी छात्रा का अपहरण, पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी

Anand Kumar
3 Min Read

Ranchi : राजधानी के लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्कुलर रोड स्थित वीमेंस कॉलेज के आर्ट्स ब्लॉक में पढ़ने वाली पीजी छात्रा का 22 जनवरी को अपहरण कर लिए जाने का मामला सामने आया है। अपहृत छात्रा की पहचान मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है, जो पंडरा ओपी क्षेत्र के पंचशील नगर की रहने वाली है।

इस संबंध में पीड़िता के पिता दीनानाथ सिंह ने लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज एफआईआर में उन्होंने अपहरण की पूरी घटनाक्रम का उल्लेख किया है।


गुरुजी को पद्मभूषण का स्वागत, भारत रत्न की मांग बरकरार : हेमंत सोरेन के ‘सॉफ्ट टोन’ के क्या हैं मायने

कॉलेज पहुंचने के बाद टूटा संपर्क, फोन हुआ बंद

प्राथमिकी के अनुसार, 22 जनवरी को सुबह करीब 11.30 बजे मुस्कान अपने भाई अविनाश कुमार के साथ स्कूटी से कॉलेज पहुंची थी। बहन को कॉलेज छोड़ने के बाद अविनाश घर लौट आया। दिन के करीब 11.38 बजे मुस्कान ने अपने पिता को फोन कर बताया कि कॉलेज में फॉर्म भर दिया गया है। इसके बाद अचानक कॉल कट गया।

पीड़िता के पिता के अनुसार, मुस्कान रोजाना कॉलेज की छुट्टी के बाद दोपहर 3 से 3.30 बजे के बीच घर फोन कर किसी को लेने के लिए बुलाती थी। लेकिन उस दिन कोई कॉल नहीं आया। शाम करीब 4.30 बजे अविनाश बहन को लेने कॉलेज पहुंचा, तो उसका मोबाइल फोन बंद बताया गया।


गार्ड से पूछताछ के बाद बढ़ी चिंता

शाम करीब 5 बजे कॉलेज गार्ड से बातचीत करने पर जानकारी मिली कि कॉलेज में छुट्टी हो चुकी है। इसके बाद परिजनों ने मुस्कान की खोजबीन शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। आसपास के इलाकों और परिचितों से पूछताछ के बावजूद छात्रा का कोई पता नहीं चल सका।


युवक पर पहले से धमकी देने का आरोप

पीड़िता के पिता ने प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया है कि ठाकुरगांव निवासी विजय कुमार साहू नामक युवक पहले भी कई बार फोन कर मुस्कान से बातचीत कराने की मांग करता था। बातचीत नहीं कराने पर वह फोन पर धमकी भी देता था। परिजनों का कहना है कि इस वजह से वे पहले से आशंकित थे।


पुलिस ने शुरू की जांच

लालपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्रा के कॉल डिटेल्स, अंतिम लोकेशन और संदिग्ध युवक की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

लंदन से ऑक्सफोर्ड तक हेमंत सोरेन : जयपाल सिंह मुंडा की विरासत और वैश्विक अकादमिक सहयोग पर जोर

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *