रांची के नामकुम और टाटीसिलवे थाना क्षेत्रों में सोमवार शाम हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दोनों दुर्घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टाटीसिलवे में तेज रफ्तार वैगनआर कार सड़क किनारे खड़े ग्रामीणों पर चढ़ गई, वहीं नामकुम के रायसा मोड़ पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक पैदल राहगीर की मौत हो गई।
टाटीसिलवे में बेकाबू वैगनआर ने ग्रामीणों को कुचला
पहली दुर्घटना टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में पुरुलिया रोड के सिलवे के पास हुई। मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब सात से आठ ग्रामीण सड़क के किनारे खड़े थे। इसी दौरान पुरुलिया की दिशा से आ रही एक वैगनआर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए आगे निकल गई।
हादसे में सूरज साव (42) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं प्रकाश महतो और कृष्णा बैठा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ की। बताया गया कि वाहन में तीन महिलाएं और एक युवक सवार थे। वे पुरुलिया से एक अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। पुलिस ने कार और उसमें सवार लोगों को थाने ले जाकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मृतक सूरज साव भेल इंडिया की हरिद्वार इकाई में काम करते थे। वह दीपावली की छुट्टी पर पांच नवंबर को अपने घर आए थे और 10 नवंबर को वापस काम पर लौटने वाले थे। हादसे में घायल प्रकाश महतो एक स्थानीय निजी कंपनी में काम करते हैं, जबकि कृष्णा बैठा स्कूल वाहन के चालक हैं।
रायसा मोड़ पर अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
दूसरी घटना नामकुम थाना क्षेत्र के रायसा मोड़ के पास हुई। यहां पैदल जा रहे 35 वर्षीय ललसाय मुंडा को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ललसाय मुंडा ककड़ा हुआंगहातु के रहने वाले थे। वह हिंदू मुंडा के पुत्र थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है।
रांची में एक ही शाम हुई इन दो दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें – दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा: अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहे 7 लोगों की मौत, 12 से अधिक घायल