रांची में फिर गूंजी प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी की धमकी, जमीन कारोबारी से मांगे एक करोड़ रुपये

Anand Kumar
3 Min Read

व्हाट्सएप कॉल और मैसेज से दी जान से मारने की धमकी, परिवार और गतिविधियों की जानकारी बताकर दहशत फैलाने की कोशिश

रांची। राजधानी रांची में कारोबारियों को प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा मामले में बरियातू थाना क्षेत्र के रानी बगान निवासी और जमीन कारोबारी विजेंद्र सिंह से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। व्हाट्सएप कॉल और संदेश के जरिए रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी दी गई। पीड़ित की शिकायत पर बरियातू थाना में अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित विजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप संदेश आया। संदेश भेजने वाले ने खुद को कुख्यात अपराधी प्रिंस खान बताते हुए एक करोड़ रुपये की मांग की और तय समय के भीतर पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।

उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए जब वह बरियातू थाना पहुंचे, उसी दौरान उनके मोबाइल पर दोबारा व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने फिर खुद को प्रिंस खान बताते हुए एक सप्ताह के भीतर रंगदारी की रकम पहुंचाने का अल्टीमेटम दिया और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

यह भी पढ़ें – ‘ऑपरेशन शिकंजा’: प्रिंस खान गैंग का शूटर शिवराज गोली लगने के बाद गिरफ्तार

परिवार और गाड़ी की जानकारी बताकर बढ़ाई दहशत

विजेंद्र सिंह के मुताबिक, धमकी देने वाले ने उनके परिवार, वाहन और दैनिक गतिविधियों से जुड़ी कई जानकारियां भी साझा कीं। इससे आशंका जताई जा रही है कि उनकी रेकी कराई गई है। घटना के बाद कारोबारी और उनका परिवार दहशत में है। पुलिस अब व्हाट्सएप नंबर, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

लगातार कारोबारियों को बनाया जा रहा निशाना

पिछले एक महीने के दौरान राजधानी रांची में कई कारोबारियों को प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी की धमकियां मिल चुकी हैं। प्रमुख घटनाएं इस प्रकार हैं—

  • 5 जून: कारोबारी उदय शंकर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।
  • 4 जून: सर्राफा कारोबारी सुमन पाल से 5 करोड़ रुपये की मांग।
  • 24 जून: कॉस्मेटिक कारोबारी उमाशंकर सिंह से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।
  • जलजोगा रेस्टोरेंट के संचालक से 50 लाख रुपये की मांग।
  • जय हिंद फार्मा के संचालक से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने राजधानी के कारोबारी वर्ग में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की तकनीकी जांच की जा रही है और धमकी देने वालों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें – हिमांशु सिंह हत्याकांड : डीडी बार के मालिक बीजेपी नेता नीरज सिंह राजस्थान में गिरफ्तार, ओडिशा से मैनेजर को पकड़ा

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *