रांची : राजधानी रांची के कांके रोड इलाके में कोयला कारोबारी संजय करमाली के घर पर शुक्रवार तड़के अपराधियों ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले राहुल दुबे गैंग की ओर से सोशल मीडिया पर कारोबारी को धमकी दी गई थी। घटना के बाद पूरा परिवार दहशत में है। कांके थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
तड़के 3:30 बजे बाइक सवार अपराधियों ने की फायरिंग
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार के अहले सुबह बाइक पर सवार अपराधी कांके रोड के प्रेम नगर स्थित संजय करमाली के घर के बाहर पहुंचे। उन्होंने हथियार निकालकर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। परिवार के कुछ सदस्यों के मुताबिक, सुबह करीब 3:30 बजे लगभग पांच राउंड गोलियां चलाई गईं।
गोलियों की आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। इसके बाद कांके थाना को सूचना दी गई। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
कारोबारी ने मीडिया से बात करने से किया इनकार
शुक्रवार सुबह कांके थाना में संजय करमाली ने पत्रकारों से कोई बातचीत नहीं की। उन्होंने कहा कि जो भी पूछना है, वह पुलिस से पूछा जाए। बताया गया है कि करमाली परिवार हाल ही में कांके रोड स्थित इस घर में शिफ्ट हुआ था।
पुलिस का बयान: सीसीटीवी के आधार पर होगी पहचान
रांची के हेडक्वार्टर डीएसपी-1 अमर कुमार पांडे ने बताया कि गोलीबारी की घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फायरिंग से पहले फेसबुक पर मिली थी धमकी
सूत्रों के अनुसार, फायरिंग से पहले राहुल दुबे गिरोह की ओर से फेसबुक पर संजय करमाली को धमकी दी गई थी। कहा जा रहा है कि विदेश में बैठकर झारखंड में अपराध की गतिविधियों को नियंत्रित करने वाला राहुल दुबे पुलिस के लिए नई चुनौती बन गया है।
हजारीबाग के होटल पर फायरिंग की जिम्मेदारी भी ली
राहुल दुबे गैंग से जुड़े कुख्यात अपराधी प्रकाश शुक्ला ने सोशल मीडिया पर एक संदेश जारी किया है। इसमें दावा किया गया है कि हजारीबाग के एके इंटरनेशनल होटल पर हुई फायरिंग भी उसी ने करवाई थी। इसी संदेश में उसने संजय करमाली को कोयला कारोबार को लेकर धमकी दी थी। आरोप है कि संदेश के कुछ ही घंटे बाद करमाली के घर पर फायरिंग करा दी गई।
इलाके में दहशत, पुलिस जांच जारी
लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं से कारोबारियों में भय का माहौल है। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया संदेशों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें – गुमला में बड़ी वारदात की आशंका, AK-56 और कारबाइन बरामद; एक गिरफ्तार