रांची के छठ घाटों पर उमड़ी आस्था, राज्यपाल समेत हजारों व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

Anand Kumar
3 Min Read
रांची में छठ घाट पर व्रती और श्रद्धालु अर्घ्य अर्पित करते हुए।

रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को राजधानी रांची के विभिन्न घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राजभवन के समीप हटनिया तालाब पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उनके साथ बड़ी संख्या में छठव्रती और श्रद्धालु भी सूर्य उपासना के लिए घाटों पर पहुंचे।

राज्यपाल ने इस अवसर पर विश्व कल्याण और झारखंड की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि देश और राज्य के सभी लोग खुशहाल रहें, यही प्रार्थना उन्होंने छठी मैया से की है।

बड़ा तालाब पहुंचे केंद्रीय मंत्री और मेयर

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची की महापौर रोशनी खलखो भी बड़ा तालाब पहुंचे। दोनों ने भगवान भुवन भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना की। राजधानी के हटनिया तालाब, करमटोली तालाब, बड़ा तालाब, स्वर्णरेखा नदी तट, हटिया-धुर्वा डैम सहित छोटे-बड़े जलाशयों में व्रतियों की भीड़ रही।

दोपहर बाद से घाटों पर पहुंचने लगे व्रती

रविवार सुबह से ही घाटों पर साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। दोपहर बाद व्रती परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचने लगे। पारंपरिक सूप और दउरा में केला, नारियल, मौसमी फल, घाघरा नींबू और घरों में बने ठेकुआ सहित पूजा सामग्री सजाई गई थी। सूर्यास्त के समय व्रतियों ने जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य तथा खुशहाली की कामना की।

कई घाटों पर बच्चे, बुजुर्ग और परिवार के अन्य सदस्य एक साथ पूजा में शामिल हुए। छठ गीतों और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। रोजगार और पढ़ाई के सिलसिले में दूसरे शहरों या विदेशों में रहने वाले कई लोग भी पर्व मनाने के लिए अपने घर लौटे।

घाटों पर सुरक्षा और रोशनी के इंतजाम

जिला प्रशासन की ओर से घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई, रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी। संवेदनशील जलाशयों में गहरे पानी वाले हिस्सों को बांस और रस्सियों से चिह्नित किया गया। सुरक्षा के लिए पुलिस बल के साथ SDRF और अन्य बचाव दलों की तैनाती की गई, ताकि पूजा के दौरान किसी तरह की अनहोनी न हो।

सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला उपवास सहित चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा। रांची में सोमवार को सूर्योदय का समय लगभग सुबह 6 बजकर 3 मिनट बताया गया है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *