राजधानी के सबसे पॉश एरिया में एक ही रात दो हाई-प्रोफाइल वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
रांची: राजधानी रांची के सबसे सुरक्षित और वीआईपी इलाकों में शुमार अशोक नगर में एक ही रात दो हाई-प्रोफाइल वारदातों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर चर्चित बिल्डर निशित केसरी के घर चोरी की कोशिश के दौरान बॉडीगार्ड की फायरिंग में एक सुरक्षा जवान घायल हो गया, वहीं दूसरी ओर कारोबारी अखिलेश पांडे के घर नकाबपोश चोर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और चार थानों की पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुटे हैं।
बिल्डर निशित केसरी के घर चोरी की कोशिश, फायरिंग में जवान घायल
जानकारी के अनुसार अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर रोड नंबर-6 स्थित चर्चित बिल्डर निशित केसरी के आवास में देर रात संदिग्ध चोर घुस आए। घर की सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड ने चोरों को देखकर फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली का छर्रा एक सुरक्षा जवान को लग गया, जिससे वह घायल हो गया।
यह भी पढ़ें – जमशेदपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश के एंगल पर जांच
घायल जवान को तत्काल रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना सहित चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोर कितने थे, किस रास्ते से आए और कैसे फरार हुए।
पुलिस फिलहाल इस बात की भी जांच कर रही है कि मामला केवल चोरी के प्रयास का है या इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका भी है।
कौन हैं निशीथ कुमार केसरी?
निशीथ कुमार केसरी रांची के एक प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर हैं और मुख्य रूप से अरगोड़ा-कटहल मोड़ क्षेत्र में आवासीय प्रोजेक्ट विकसित करते हैं। वे पूर्व पंचायती राज सचिव राजीव अरुण एक्का के जीजा हैं। वे वर्ष 2022 में IAS अधिकारी पूजा सिंघल के मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध खनन मामले में चर्चा में आए, जब ED ने उनके दफ्तर पर छापा मारा और उन्हें हिरासत में लिया गया। अगस्त 2024 में वे फिर सुर्खियों में आए जब PLFI उग्रवादियों के नाम पर उनसे एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और जान से मारने की धमकी दी गई। हाल ही में उनके प्रोजेक्ट्स में फ्लैट खरीदारों ने भारी शिकायतें की हैं — वादे के अनुसार सुविधाएँ और समय पर निर्माण नहीं होने, कंपनी के ऑफिस बंद मिलने और बिल्डर की अनुपलब्धता को लेकर। इस प्रकार निशीथ केसरी व्यावसायिक गतिविधियों, प्रशासनिक कनेक्शन और विवादों के कारण लगातार चर्चा में रहते हैं।

कारोबारी अखिलेश पांडे के घर लाखों की ज्वेलरी चोरी
इसी रात अशोक नगर में एक अन्य बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात नकाबपोश चोर कारोबारी अखिलेश पांडे के घर में पाइप के सहारे ऊपर चढ़कर दाखिल हुए और घर में रखी लाखों रुपये की कीमती ज्वेलरी चोरी कर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि चोरों ने देर रात सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और उसी रास्ते से वापस निकल गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर रांची पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी चोरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। हालांकि पूरी वारदात घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों मामलों का खुलासा करने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
एक ही रात अशोक नगर जैसे हाई-सिक्योरिटी और पॉश इलाके में दो बड़ी घटनाओं ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर लोग पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
यह भी पढ़ें – रांची-टाटा हाईवे पर महिलाओं की कार पर हमला : पहले रोड रेज का आरोप, जांच में सामने आई कुछ और ही कहानी