पलामू में दिनदहाड़े फायरिंग, पूर्व पंसस और चाय दुकानदार घायल, आरोपी की पहचान

Anand Kumar
3 Min Read
फायरिंग

Palamu : पलामू जिले में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। शहर थाना क्षेत्र के कांदू मोहल्ला चौक के पास एक चाय दुकान के बाहर हुई फायरिंग में पूर्व पंचायत समिति सदस्य (पंसस) नवीन प्रसाद और चाय दुकानदार अजीत कुमार गुप्ता घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, अजीत कुमार गुप्ता (उम्र लगभग 50 वर्ष) की चाय दुकान के बाहर पूर्व पंसस नवीन प्रसाद (उम्र लगभग 45 वर्ष) कुछ लोगों के साथ चाय पी रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले का ही युवक रविकांत उर्फ गोलू पासवान पीछे से आया और अचानक नवीन प्रसाद पर फायरिंग कर दी।


दो लोग घायल, एक की हालत गंभीर

फायरिंग के दौरान एक गोली नवीन प्रसाद की पीठ में जा लगी, जबकि दूसरी गोली चाय दुकानदार अजीत कुमार गुप्ता के पैर को छूते हुए निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। प्राथमिक जांच के बाद नवीन प्रसाद को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए श्रीनारायण सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया है कि नवीन प्रसाद की पत्नी सुषमा आहूजा मेदिनीनगर नगर निगम की पूर्व वार्ड पार्षद रह चुकी हैं।

धालभूमगढ़ में निर्माणाधीन पावर प्लांट में बड़ा हादसा, चिमनी से गिरे तीन मजदूर, दो की मौत


मौके से खोखा बरामद, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षु डीएसपी राजीव कुमार, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार और टीओपी टू प्रभारी राकेश कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों से जानकारी ली। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां से एक गोली का खोखा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की जा रही है। फायरिंग के पीछे के कारणों की भी गहन जांच की जा रही है।

इस वारदात के बाद से शहर में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

ED दफ्तर में रांची पुलिस की छापेमारी से टकराव तेज, CBI जांच की मांग को लेकर हाईकोर्ट पहुंची एजेंसी

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *