रेलवे ट्रैक पर रखा गया 90 किलो लोहे का ब्लॉक, तीन आरोपी गिरफ्तार

Pakur : पाकुड़ जिले में एक बड़े रेल हादसे की साजिश का खुलासा हुआ है। तिलभिटा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर भारी लोहे का टुकड़ा रखकर वनांचल एक्सप्रेस को डीरेल करने की कोशिश की गई थी। हालांकि एक मालगाड़ी के चालक की सतर्कता से यह साजिश नाकाम हो गई और सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।
रेलवे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा थी।
कैसे रची गई साजिश
घटना 10 जनवरी 2026 की रात की है। कोटालपोखर और तिलभिटा स्टेशन के बीच पिलर संख्या 156/4 के पास असामाजिक तत्वों ने डाउन रेलवे लाइन पर करीब पांच फुट लंबा और लगभग 90 किलोग्राम वजनी कटिंग आयरन (लोहे का ब्लॉक) रख दिया। इसी ट्रैक से कुछ देर बाद वनांचल एक्सप्रेस को गुजरना था।
संयोग से पहले एक मालगाड़ी वहां पहुंच गई। लोहे के ब्लॉक से टकराने के बाद मालगाड़ी के चालक ने स्थिति भांपते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया और ट्रेन को रोक दिया। टक्कर से कई कंक्रीट स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन बड़ा हादसा होने से बच गया।
जमीन विवाद में हुई थी JLKM नेता तारापदो महतो की हत्या , दो शूटर गिरफ्तार
संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान सदर प्रखंड के रानीपुर गांव निवासी यार मोहम्मद शेख, संग्रामपुर गांव निवासी राहुल शेख और कुमारपुर गांव निवासी नाजमी शेख को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में तीनों ने इस साजिश में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक ऐसे गिरोह से जुड़े हैं जो रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और ट्रेन हादसों की साजिश रचने में शामिल रहा है।
गैंग का सरगना और संभावित मकसद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक नाजमी शेख इस गिरोह का मुख्य सरगना हो सकता है। साजिश के पीछे आर्थिक लाभ या किसी पुराने विवाद में बदले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
रेलवे ट्रैक दुरुस्त, जांच जारी
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत कर रेल यातायात बहाल कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और उनके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है।
यह घटना रेलवे सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है। रेल मंत्रालय ने सभी जोनों को सतर्क रहने और ट्रैक की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और खुलासे हो सकते हैं।
जमशेदपुर से गायब उद्योगपति के बेटे कैराव गांधी का अब तक नहीं मिला सुराग, बढ़ती जा रही है चिंता