जमशेदपुर। मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोशल मीडिया के जरिए बन्ना गुप्ता पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव मेयर का नहीं, बल्कि “मेयरपति” बनाने की कोशिश है और मानगो की जनता को इस मंशा को सफल नहीं होने देना चाहिए।
सरयू राय ने कहा कि मानगो को घिसे-पिटे नेतृत्व की नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के ऊर्जावान मेयर की जरूरत है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वोट देते समय पुराने राजनीतिक चेहरों की बजाय ऐसे उम्मीदवार को चुनें जो नगर निगम को प्रभावी ढंग से चला सके और जनसुविधाओं पर काम करे।
“मुस्लिम वोट पर गुमान”
राय ने बन्ना गुप्ता पर आरोप लगाया कि वह मुस्लिम समुदाय के वोट बैंक के सहारे खुद को मजबूत मानते हैं। उन्होंने दावा किया कि 2024 के चुनाव में आजादनगर इलाके से 37 हजार वोट बन्ना गुप्ता को मिले थे, जबकि उन्हें मात्र 419 वोट मिले। राय ने कहा कि अब उसी वोट बैंक पर जेबा खान और जेबा कादरी भी दावेदारी कर रही हैं, ऐसे में मुस्लिम समाज को तय करना है कि वह किसे समर्थन देगा।
उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम समाज के भीतर यह भावना उभर रही है कि सिर्फ वोट देने और सभाओं में समर्थन करने तक ही उनकी भूमिका सीमित क्यों रहे। राय के अनुसार, अगर मुस्लिम वोट खिसक गया तो बन्ना गुप्ता को अपनी राजनीतिक स्थिति का अहसास हो जाएगा।
“अधिकार देने की सोच नहीं”
सरयू राय ने आरोप लगाया कि बन्ना गुप्ता ने उन लोगों को अधिकार देने की दिशा में कभी ठोस पहल नहीं की, जिनके समर्थन से वह सत्ता में पहुंचे। उन्होंने कहा कि कुछ प्रभावशाली लोगों के सहारे राजनीति करने की सोच लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुकूल नहीं है।
एनडीए का समर्थन संध्या सिंह को
राय ने स्पष्ट किया कि एनडीए ने मानगो नगर निगम के मेयर पद के लिए संध्या सिंह को समर्थन दिया है और वह स्वयं भी उनके पक्ष में वोट की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानगो को नगर निगम बनाने की मुहिम उन्होंने पहले शुरू की थी, ताकि केंद्र सरकार से मिलने वाले अनुदान का लाभ क्षेत्र को मिल सके।
उन्होंने कहा कि अब जब मानगो नगर निगम का पहला चुनाव हो रहा है, तो ऐसे मेयर की जरूरत है जो तालमेल के साथ विकास योजनाओं को आगे बढ़ा सके और लंबित निधियों को लाने का प्रयास करे।
“नई पीढ़ी को मौका मिले”
सरयू राय ने कहा कि नगर निगम के पहले चुनाव में मेयर और पार्षद दोनों स्तर पर नई पीढ़ी को अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिछले दो महीनों से बन्ना गुप्ता अपनी पत्नी को आगे कर चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे यह प्रतीत होता है कि यह चुनाव मेयर का नहीं, “मेयरपति” बनने का है।
मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरम है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब देखना होगा कि मतदाता किसे प्राथमिकता देते हैं।