New Delhi : अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच छिड़ी जंग का सीधा असर अब भारत की रसोई तक पहुंच गया है। देशभर में LPG गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत हो गई है। हालात इतने बेकाबू हैं कि गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं, कालाबाजारी चरम पर है और पंजाब जैसे राज्यों में लोग सिलेंडर लूटकर भागते नजर आ रहे हैं।
किल्लत का फायदा उठाकर कई जगहों पर ₹2 हजार वाला कॉमर्शियल सिलेंडर ₹4 हजार में ब्लैक किया जा रहा है। सरकार ने हालात को देखते हुए लोगों से PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन लेने की अपील की है।
यह भी पढ़ें – व्यंग्य : ₹450 में सिलेंडर का वादा, रिक्शा पॉलिटिक्स और रील की दुकान
राज्यों का हाल: कहीं शवयात्रा, तो कहीं फैक्ट्रियां बंद
- पंजाब में मौत और लूट: एजेंसियों के बाहर भारी बवाल है। बरनाला में 2 घंटे से लाइन में लगे एक 66 वर्षीय बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं, लुधियाना में एक्टिवा सवार बदमाशों द्वारा राहगीरों से सिलेंडर छीनने की वारदातें सामने आई हैं।
- राजस्थान में शवयात्रा: गैस किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में कांग्रेस ने जयपुर में सिलेंडर की शवयात्रा निकालकर केंद्र सरकार का विरोध किया। कोटा के हॉस्टल और ढाबों में अब लकड़ी और कोयले पर खाना बन रहा है।
- उत्तर प्रदेश में उद्योग ठप: गैस सप्लाई न होने से फिरोजाबाद की 40 से ज्यादा चूड़ी फैक्ट्रियां और आगरा का पेठा उद्योग बंद हो गया है। बुलंदशहर के पॉटरी उद्योग के 30 हजार मजदूर रातों-रात बेरोजगार हो गए हैं।
- मध्य प्रदेश और बिहार: एमपी में सर्वर डाउन होने से ऑनलाइन बुकिंग ठप है और वेटिंग 8 दिन तक पहुँच गई है। वहीं, बिहार में कोयले और लकड़ी के भाव आसमान छू रहे हैं।
- केरल में रेस्टोरेंट बंद: राज्य के करीब 40% रेस्टोरेंट पूरी तरह से बंद होने की कगार पर हैं।
इसे भी पढ़ें – झारखंड विधानसभा में ‘रिक्शा पॉलिटिक्स’ : मंत्री बने चालक, सहयोगी बनीं सवारी, देखें VIDEO
अमेज़न पर आउट ऑफ स्टॉक हुए इंडक्शन, जोमैटो-स्विगी पर भी मार
गैस न मिलने के कारण लोग इंडक्शन चूल्हों की तरफ भाग रहे हैं। एक ही दिन में अमेज़न पर 1.34 लाख इंडक्शन बिक गए और ज्यादातर कंपनियों का स्टॉक खत्म हो गया है। वहीं, होटलों में खाना न बनने के कारण जोमैटो और स्विगी जैसे प्लेटफॉर्म्स पर फूड डिलीवरी ऑर्डर में 60% तक की भारी गिरावट आई है।
आखिर क्यों पैदा हुआ यह गैस संकट? (2 मुख्य कारण)
- होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) का बंद होना: दुनिया के कुल पेट्रोलियम का 20% हिस्सा और भारत का 50% कच्चा तेल इसी समुद्री रास्ते से आता है। ईरान जंग के कारण यह रूट अब जहाजों के लिए सुरक्षित नहीं रहा है।
- कतर के प्लांट पर ड्रोन हमला: भारत अपनी जरूरत की 40% LNG कतर से खरीदता है। हाल ही में हुए ड्रोन हमलों के कारण कतर ने अपने प्लांट में गैस का प्रोडक्शन रोक दिया है, जिससे भारत की सप्लाई चेन टूट गई है।
सरकार ने उठाए 5 सख्त कदम
किल्लत को दूर करने के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय ने मोर्चो संभाल लिया है:
- एसेंशियल कमोडिटी एक्ट लागू: देशभर में गैस की सप्लाई को कंट्रोल करने के लिए ‘एसेंशियल कमोडिटी एक्ट 1955’ लागू कर दिया गया है।
- बुकिंग के नियमों में बदलाव: अब शहरों में एक सिलेंडर के बाद दूसरा 25 दिन बाद और ग्रामीण इलाकों में 45 दिन बाद ही बुक हो सकेगा।
- OTP हुआ अनिवार्य: कालाबाजारी रोकने के लिए डिलीवरी के समय बायोमेट्रिक या OTP वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है।
- उत्पादन बढ़ाने के निर्देश: ऑयल रिफाइनरीज को LPG उत्पादन बढ़ाने का आदेश दिया गया है, जिससे प्रोडक्शन 28% तक बढ़ गया है।
- हाई-लेवल कमेटी: सप्लाई की लगातार समीक्षा के लिए तीन तेल कंपनियों के कार्यकारी निदेशकों की एक कमेटी बनाई गई है।
यह भी पढ़ें – झारखंड में गैस के लिए ‘जंग’: रोज 3 लाख सिलेंडर की मांग, सप्लाई सिर्फ आधी; होटलों से रोटी गायब, कैंटीन भी बंद