लातेहार के महुआडांड़ में भीषण बस हादसा, सात यात्रियों की मौत, 70 से अधिक घायल

Anand Kumar
4 Min Read

Latehar : लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा बंगलादारा घाटी में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ से झारखंड आ रही एक यात्री बस ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में चार महिलाओं, दो पुरुष और एक अज्ञात महिला सहित कुल सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 70 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घाटी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। घायल यात्रियों में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और पुरुष सभी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, 27 घायलों का इलाज कार्मेल अस्पताल में, जबकि 59 घायलों का इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है। इनमें से 10 घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।


WEF 2026 की तैयारियों पर केंद्र-राज्य समन्वय बैठक में CM हेमंत ने रखी झारखंड की दावोस रणनीति

ढलान पर फेल हुआ ब्रेक, बस पलटते ही मच गया कोहराम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में करीब 70 से 80 यात्री सवार थे। बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से महुआडांड़ थाना क्षेत्र के लोध गांव स्थित ‘लोटा पानी’ जा रही थी। घाटी क्षेत्र में उतरते समय अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया।

बस चालक विकास पाठक ने बताया कि दुर्घटना से कुछ देर पहले ही उन्हें ब्रेक के काम न करने का आभास हो गया था। उन्होंने बस को रोकने के लिए हैंड ब्रेक का इस्तेमाल किया और बाद में इंजन भी बंद कर दिया, लेकिन ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कई यात्री बस के अंदर ही दब गए, जबकि कुछ यात्री उछलकर दूर जा गिरे।


इनकी हुई मौत

हादसे में जिन लोगों की मौत हुई, उनकी पहचान इस प्रकार की गई है—

  • रेशांति देवी (35), पति विनोद राम, ग्राम पीपर सोत
  • प्रेमा देवी (37), पति चुहरू राम
  • सीता देवी (45), पति बीगा राम
  • सुखना भुईयां (40), पिता सत्ता भुईयां
  • सोनामति देवी (45), पति बाबूलाल नायक, बलरामपुर
  • विजय सिंह (32), पिता कांता सिंह
  • एक अज्ञात महिला, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है

प्रशासन अलर्ट, राहत-बचाव कार्य जारी

दुर्घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी तत्परता दिखाते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और एंबुलेंस को सूचना दी।

महुआडांड़ के एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया था और पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की रिपोर्ट आने के बाद ही मृतकों और घायलों की स्थिति को लेकर अंतिम जानकारी साझा की जाएगी। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।

रांची के पिस्का मोड़ के पास फायरिंग, दो युवकों को लगी गोलियां

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *