कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज दो महीने बाद एक विवाहिता ने ससुराल लौटने से साफ इनकार कर दिया। युवती का कहना है कि वह अपने चचेरे भाई से प्रेम करती है और उसी के साथ जीवन बिताना चाहती है। मामले की सूचना मिलने के बाद तिलैया थाना पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 स्थित गुमो हरिजन टोला निवासी 21 वर्षीय लक्ष्मी दास, पिता जागेश्वर दास, की शादी दो महीने पहले कोडरमा थाना क्षेत्र के चिकलाबर गांव में हुई थी। कुछ दिन पहले वह मायके आई थी। जब परिजनों और ससुराल वालों ने उसे वापस भेजने की बात कही तो उसने जाने से मना कर दिया।
यह भी पढ़ें – पलामू में खेत में बीज बो रहे बुजुर्ग किसान को मारी गोली, हालत नाजुक
पूछताछ के दौरान लक्ष्मी ने बताया कि उसका अपने चाचा विनोद दास के बेटे रोहित कुमार के साथ पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध है। उसका दावा है कि दोनों शादी करना चाहते थे और रोहित ने शादी के बाद भी उसे अपने साथ ले जाने का भरोसा दिया था।
लक्ष्मी ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद रोहित दो-तीन बार उसके ससुराल भी आया था। उसके अनुसार, बीती रात दोनों गांव छोड़कर जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन परिजनों ने उन्हें पकड़ लिया।
सुबह ग्रामीणों और गांव के प्रबुद्ध लोगों की मौजूदगी में लक्ष्मी से अंतिम फैसला पूछा गया। उसने दोहराया कि वह किसी भी परिस्थिति में रोहित के साथ ही रहना चाहती है। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और आगे का निर्णय कानून के अनुसार लेने की बात कही।
सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती तथा उसके परिजनों से पूछताछ शुरू की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस बीच, रोहित कुमार गांव से फरार बताया जा रहा है, जबकि उसके परिजनों ने लक्ष्मी को अपने घर में रखने से इनकार कर दिया है।
यह भी पढ़ें – आरोपी की तलाश में निकली हजारीबाग पुलिस की गाड़ी पलटी, एक जवान की मौत, चार अन्य गंभीर