13 दिन में 9 मौतें : खूंटी में सड़क हादसों ने बढ़ाई चिंता

Khunti : झारखंड के खूंटी जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर तोरपा थाना क्षेत्र में एक क्रेटा कार तेज रफ्तार ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक के अंदर काफी अंदर तक फंस गई। इस हादसे में डोड़मा आरसी चर्च से जुड़े दो फादरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे फादर गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान डोड़मा निवासी फादर सुशील प्रवीण टिडू और बागरटोली निवासी फादर सुनील भेंगरा के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल फादर जॉन्सन भेंगरा (जो असम के एक चर्च में पदस्थापित हैंं) को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों फादर तोरपा में एक पार्टी में शामिल होकर रात में डोड़मा चर्च लौट रहे थे। अचानक उनकी क्रेटा कार सड़क पर चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार ट्रक के नीचे फंस गई, जिससे बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलते ही तोरपा के उप प्रमुख संतोष कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। तोरपा थाना प्रभारी मुकेश यादव अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को ट्रक से अलग किया और फंसे लोगों को बाहर निकाला। दोनों मृत फादरों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इलाके में इस घटना से शोक की लहर दौड़ गई है। चर्च समुदाय और आसपास के लोग सदमे में हैं।
गौरतलब है कि पिछले 13 दिनों में खूंटी क्षेत्र में सड़क हादसों में अब तक 9 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रहे इन हादसों से स्थानीय लोग बेहद नाराज हैं और प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, बेहतर लाइटिंग और ट्रैफिक कंट्रोल की सख्त जरूरत है।
पाकुड़ कोर्ट में सुनाई गयी सजा, तो फरार हुए दो दोषी : जमीन विवाद में हत्या का था मुकदमा