JPSC चेयरमैन एल. खियांग्ते का इस्तीफा! CID छापेमारी के बाद बड़ा घटनाक्रम

Anand Kumar
4 Min Read

असिस्टेंट परीक्षा नियंत्रक समेत 4 हिरासत में, परीक्षा एजेंसी TDPL का दफ्तर सील; CID ने पेन ड्राइव-हार्ड डिस्क जब्त

रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं के आरोपों के बीच बड़ा प्रशासनिक घटनाक्रम सामने आया है। खबर है कि JPSC के चेयरमैन एल. खियांग्ते ने मंगलवार रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया। यह फैसला CID और रांची पुलिस की ओर से JPSC कार्यालय समेत कई ठिकानों पर की गई छापेमारी के कुछ घंटों बाद सामने आया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

एल. खियांग्ते को 27 फरवरी 2025 को झारखंड लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनके इस्तीफे को हालिया जांच और बढ़ते प्रशासनिक दबाव से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इस्तीफे के कारणों पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

CID की कार्रवाई के बाद बढ़ा दबाव

इसके पहले मंगलवार को CID और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने JPSC कार्यालय समेत कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान JPSC की असिस्टेंट एग्जामिनेशन कंट्रोलर श्वेता गुप्ता समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

जांच एजेंसियों की इस कार्रवाई से आयोग और संबंधित संस्थानों में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई 14वीं JPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर की गई है।

यह भी पढ़ें – JPSC विवाद : OTR से रिजल्ट तक एक ही एजेंसी के हाथों पूरी नियुक्ति प्रक्रिया, आयोग के सदस्य ने CM को भेजी शिकायत

परीक्षा कराने वाली एजेंसी TDPL का कार्यालय सील

CID और रांची पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी TDPL के ठिकानों पर भी छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एजेंसी से जुड़े तीन लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि एजेंसी के कार्यालय को सील कर दिया गया।

पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क और अहम दस्तावेज जब्त

छापेमारी के दौरान जांच टीम ने पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डायरी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। इन डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि कथित अनियमितताओं की परतें खोली जा सकें।

कार्यालय में अधिकारियों से भी पूछताछ

कार्रवाई के दौरान CID की टीम ने JPSC कार्यालय में मौजूद कई अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की। जांच एजेंसियां आयोग के रिकॉर्ड, परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की गहन जांच कर रही हैं। हालांकि, अब तक CID या रांची पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

14वीं JPSC परीक्षा के परिणाम के बाद उठा था विवाद

14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद से ही आयोग की पारदर्शिता और कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे थे। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों और विभिन्न छात्र संगठनों ने परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया था।

राज्यभर में विरोध प्रदर्शन हुए और निष्पक्ष जांच की मांग की गई। छात्रों द्वारा लगातार दबाव बनाए जाने और औपचारिक शिकायतें मिलने के बाद CID और रांची पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है।

अब हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों से मामले के कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *