जमशेदपुर में ऑनलाइन कंसल्टेशन के नाम पर डॉक्टर का फर्जी नंबर डाल महिला के 5000 उड़ाये

Anand Kumar
4 Min Read

डॉ राजीव ठाकुर ने बिष्टुपुर थाना में दर्ज करायी शिकायत

जमशेदपुर: शहर के प्रसिद्ध चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव ठाकुर के नाम और प्रतिष्ठा का दुरुपयोग कर साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में डॉ. ठाकुर ने बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

डॉ. राजीव ठाकुर ने अपने आवेदन में बताया है कि वह बी.आर. सेवा सदन, गाढ़ाबासा और बिष्टुपुर स्थित आर.पी. इंस्टीट्यूट (तुलसी भवन) में मरीजों का इलाज करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी किसी भी क्लीनिक में ऑनलाइन कंसल्टेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं है।

शिकायत के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने गूगल पर उनके क्लीनिक की जानकारी के साथ मोबाइल नंबर 9570429973 अपलोड कर दिया है। इस नंबर पर संपर्क करने वाले मरीजों को संबंधित व्यक्ति ऑनलाइन अपॉइंटमेंट या कंसल्टेशन के नाम पर एक लिंक भेजता है और पहले 10 रुपये भुगतान करने के लिए कहता है।

डॉ. राजीव ठाकुर

इसी तरह कदमा निवासी उनकी एक महिला मरीज साइबर ठगी का शिकार हो गई। आवेदन में बताया गया है कि महिला ने गूगल पर डॉ. राजीव ठाकुर की जानकारी खोजने के दौरान उक्त नंबर पर संपर्क किया। इसके बाद उसे एक लिंक भेजा गया। जैसे ही उसने लिंक पर क्लिक कर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की, उसके बैंक खाते से 5,000 रुपये निकाल लिए गए।

घटना के बाद डॉ. राजीव ठाकुर ने आशंका जताई है कि उनके नाम और प्रतिष्ठा का दुरुपयोग कर अन्य मरीजों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस से फर्जी मोबाइल नंबर, ऑनलाइन लिंक और इस पूरे साइबर फ्रॉड गिरोह की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

डॉ. ठाकुर ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम पर किसी भी तरह के ऑनलाइन कंसल्टेशन, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट या अग्रिम भुगतान के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति इस तरह की मांग करता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

बिष्टुपुर थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कैसे बचें ऐसे ऑनलाइन फ्रॉड से?

आजकल साइबर अपराधी डॉक्टर, अस्पताल और क्लीनिक के नाम पर गूगल या सोशल मीडिया पर फर्जी मोबाइल नंबर और लिंक अपलोड कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

ऐसे में किसी भी डॉक्टर का नंबर या अपॉइंटमेंट बुक करने से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट, क्लीनिक या विश्वसनीय स्रोत से जानकारी की पुष्टि जरूर करें।

यदि फोन पर कोई व्यक्ति ऑनलाइन कंसल्टेशन या अपॉइंटमेंट के नाम पर पहले पैसे जमा करने, किसी लिंक पर क्लिक करने या स्क्रीन शेयर करने के लिए कहे, तो सतर्क हो जाएं। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी बैंकिंग या ओटीपी संबंधी जानकारी साझा करें।

ठगी का संदेह होने पर तुरंत बैंक को सूचना दें, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। थोड़ी-सी सावधानी आपको बड़ी आर्थिक क्षति से बचा सकती है।

यह भी पढ़ें – राजस्थान रॉयल्स मामले में राज कुंद्रा के खिलाफ फैसला, इंग्लैंड की कोर्ट ने 4.94 लाख डॉलर चुकाने का दिया आदेश

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *