जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) पर 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद बागबेड़ा थाना में आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। रेलवे प्रशासन ने भी आरोपी ASI को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करने की बात कही है।
आरोपी की पहचान आरपी सिंह के रूप में हुई है। वह चक्रधरपुर रेल मंडल के पश्चिमी सिंहभूम स्थित डोंगवापोसी RPF पोस्ट में ASI के पद पर तैनात बताया गया है।
RPF ASI की पत्नी से योगा सीखने जाती थी बच्ची
शिकायत के मुताबिक, नाबालिग बच्ची आरोपी ASI की पत्नी से योगा सीखने के लिए बागबेड़ा स्थित उनके घर जाया करती थी। आरोप है कि एक दिन जब आरोपी की पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी, तब ASI ने बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया।
घटना के बाद बच्ची कथित तौर पर काफी डर गई और घर पहुंचकर अपने माता-पिता को पूरी घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने लगाया धमकी देने का आरोप
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब उन्होंने आरोपी की पत्नी से संपर्क किया, तो उन्हें कथित तौर पर मामले को आगे नहीं बढ़ाने के लिए दबाव दिया गया।
परिजनों के अनुसार, उन्हें धमकी भी दी गई। इसके बाद उन्होंने बागबेड़ा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी ASI आरपी सिंह और उसकी पत्नी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।
रेलवे ने ASI को किया निलंबित
मामला सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने आरोपी RPF ASI के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी पिछले करीब दो महीने से छुट्टी पर था। वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
इधर, बागबेड़ा थाना पुलिस ने पीड़िता और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें – जमशेदपुर में बिंदल मॉल के पास ताबड़तोड़ 11 राउंड फायरिंग, 4 युवक घायल