Jamshedpur : झारखंड की लौहनगरी जमशेदपुर में एक हाई-प्रोफाइल अपहरण मामले ने पूरे राज्य को हिला दिया है। आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) के पूर्व उपाध्यक्ष और प्रतिष्ठित उद्योगपति देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी का 13 जनवरी की दोपहर से अपहरण हो गया। अपहरणकर्ताओं ने परिवार से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है और इंडोनेशिया के एक व्हाट्सएप नंबर से धमकी दी है कि रकम न मिलने पर कैरव की हत्या कर दी जाएगी।
कैरव 13 जनवरी की दोपहर करीब 11:30 बजे घर से अपनी कार में कंपनी ऑफिस जाने के लिए निकले थे। वे बिष्टुपुर के सर्किट हाउस एरिया में रहते हैं। शाम तक न लौटने पर परिवार ने खोजबीन शुरू की। उनकी कार चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा (NH-33) के पास लावारिस हालत में मिली, जिससे अपहरण की पुष्टि हुई।
धनबाद में युवक पर फायरिंग, कान के पास से निकली गोली; आरोपी नशे में था, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस जांच में पता चला कि अपहरण पुलिस की बोर्ड लगी स्कॉर्पियो से किया गया। अपहरणकर्ताओं ने पहले से पूरी रेकी की थी। अपहरण के तार बिहार से जुड़ते दिख रहे हैं – हाजीपुर और लालगंज गैंग की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। अपहरणकर्ता इंडोनेशियाई नंबर से संपर्क कर रहे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय गिरोह की ओर इशारा करता है।
पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां पुलिस ने संयुक्त SIT गठित की है। SIT की 7 टीमें सक्रिय हैं, जो झारखंड के रांची, हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद। बिहार के पटना, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और गुजरात तथा राजस्थान में कैरव की तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, CCTV फुटेज और संदिग्धों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की है। 48 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई बड़ा सुराग नहीं मिला। परिवार और उद्योगपति वर्ग में दहशत है। एसिया के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने कैरव की सुरक्षित वापसी की मांग की और कहा कि हाल ही में मुंबई से पढ़ाई पूरी कर लौटे कैरव कंपनी में निदेशक बने थे।
जमशेदपुर के भाजपा सांसद बिद्युत बरण महतो ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। पूर्व मंत्री सरयू राय ने भी मामले को उठाया और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की।यह मामला झारखंड में बढ़ते अपहरण और संगठित अपराध की चिंता को और गहरा कर रहा है। पुलिस अब तकनीकी और इंटरपोल सहायता से जांच तेज कर रही है। परिवार की उम्मीद है कि जल्द ही कैरव सुरक्षित घर लौट आएंगे।