जमशेदपुर में बिंदल मॉल के पास ताबड़तोड़ 11 राउंड फायरिंग, 4 युवक घायल

Anand Kumar
5 Min Read

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर में शनिवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास उडुपी उपहार रेस्टोरेंट में हथियारबंद अपराधियों ने चार युवकों को निशाना बनाकर करीब 11 राउंड फायरिंग की। घटना में चार युवक घायल हो गए।

घटना के बाद रेस्टोरेंट और मॉल परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) भेजा गया।

रेस्टोरेंट में घुसकर की फायरिंग

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे तीन हथियारबंद अपराधी उडुपी रेस्टोरेंट पहुंचे। इसके बाद वहां बैठे युवकों पर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने करीब 11 राउंड गोलियां चलाईं।

फायरिंग में रिजवान, कृष्णा चौधरी, दिलशाद और डोमनिक सैमसंग घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए TMH ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा होने की बात सामने आई है।

सीने में गोली लगी, फिर भी खुद चलाकर अस्पताल पहुंचा डोमनिक

फायरिंग में घायल डोमनिक सैमसंग ने घटना के बाद हिम्मत दिखाई। सीने में गोली लगने और खून बहने के बावजूद उसने खुद को संभाला और कार की स्टेयरिंग थाम ली।

डोमनिक अपने घायल साथियों दिलशाद और कृष्णा चौधरी को लेकर खुद कार चलाकर TMH पहुंचा। वहीं घायल मो. रिजवान को मानगो निवासी विकास दूबे अपनी कार से अस्पताल लेकर पहुंचे।

चारों घायलों का TMH में इलाज चल रहा है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर किस रास्ते से आए थे और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को CCTV फुटेज से हमलावरों की पहचान से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान बाइक कुंदन सिंह चला रहा था, जबकि पीछे अजीत मंडल के बैठे होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि आरोपियों की भूमिका और पहचान की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

फायरिंग के बाद आरोपियों के डोबो के रास्ते चांडिल की ओर भागने की सूचना भी सामने आई है। पुलिस संभावित फरारी मार्गों की जांच कर रही है।

अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए SIT गठित

पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

कोल्हान रेंज के DIG अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फायरिंग का मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ सामने आया है। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान करीब 11 राउंड फायरिंग किए जाने की जानकारी मिली है।

DIG ने बताया कि पुलिस घटनास्थल से मिले सुरागों और अन्य साक्ष्यों को जुटा रही है। फायरिंग में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

फायरिंग के बाद मॉल में मची भगदड़

दिनदहाड़े रेस्टोरेंट में गोलियां चलने के बाद बिंदल मॉल परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। गोलियों की आवाज सुनते ही लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी चौकसी बढ़ा दी है। चांडिल और कपाली की ओर जाने वाले संभावित रास्तों पर भी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस फायरिंग के पीछे के पूरे विवाद, हमलावरों की पहचान और घटना में इस्तेमाल हथियारों के संबंध में जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें – जमशेदपुर में केनरा बैंक में दिनदहाड़े डकैती, गन प्वाइंट पर मैनेजर से खुलवाया चेस्ट

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *