Sports Desk : पुरुष अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल (ICC Under-19 Cricket World Cup 2026) के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इतिहास रच दिया। ऐरन जॉर्ज के शानदार शतक और वैभव सूर्यवंशी व कप्तान आयुष म्हात्रे की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत इंडिया अंडर 19 ने (India Under-19) ने अफगान अंडर 19 (Afghanistan Under-19) को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। खिताबी मुकाबला 6 फरवरी को इंग्लैंड अंडर 19 (England Under-19) के खिलाफ खेला जाएगा।
10वीं बार फाइनल में भारत
इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 10वीं बार जगह बना ली है। अब नजरें 6 फरवरी को होने वाले खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारत की टक्कर इंग्लैंड से होगी।
अफगानिस्तान की दमदार बल्लेबाजी, दो शतक
जिंबाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान (Harare Sports Club) पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 310 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। फैसल शिनोजादा (110) और उजैरुल्लाह नियाजाई (नाबाद 101) ने शतक जड़ते हुए तीसरे विकेट के लिए 148 रन की अहम साझेदारी की। शुरुआती बढ़त के बाद भारत ने बीच के ओवरों में वापसी की, जहां दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने दो-दो विकेट लेकर रनगति को थामने की कोशिश की।
311 का पीछा, टूर्नामेंट इतिहास का सबसे बड़ा चेज
311 रन का लक्ष्य अंडर-19 विश्व कप इतिहास में पहले कभी हासिल नहीं हुआ था, लेकिन भारत ने इसे 41.1 ओवर में 3 विकेट खोकर पूरा कर दिया। ओपनर ऐरन जॉर्ज (115) और वैभव सूर्यवंशी (68) ने पहले विकेट के लिए 57 गेंदों में 90 रन जोड़कर मजबूत नींव रखी। इसके बाद जॉर्ज और कप्तान आयुष म्हात्रे (62) के बीच शतकीय साझेदारी ने मुकाबला भारत के पक्ष में मोड़ दिया।
जॉर्ज जब 115 रन पर आउट हुए, तब भारत लक्ष्य से महज 11 रन दूर था। अंत में विहान मल्होत्रा ने जीत को औपचारिकता में बदला।
रिकॉर्डों की बरसात
- यह भारत का अंडर-19 विश्व कप में सबसे बड़ा रन चेज रहा।
- यूथ वनडे इतिहास में भी यह सबसे बड़े लक्ष्यों में से एक का सफल पीछा है।
- मुकाबले में कुल 620 रन बने, जो भारत–अफगानिस्तान के बीच यूथ वनडे में सर्वाधिक हैं। इससे पहले का रिकॉर्ड 27 दिसंबर 2021 को दुबई में 521 रन का था।