गिरिडीह पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशकर्म में हुए शामिल

Anand Kumar
4 Min Read

गिरिडीह: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज गिरिडीह पहुंचे और हरसिंहरायडीह स्थित पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पर आयोजित द्वादशकर्म कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता की पत्नी, पुत्र और पुत्री से मुलाकात की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

‘सुदिव्य भैया नहीं रहते हुए भी प्रेरणा पुंज के रूप में रहेंगे’

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बड़े भाई सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि आज विधि-विधान के साथ द्वादशकर्म का कार्यक्रम हो रहा है और सभी ने उन्हें अंतिम विदाई दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना कठिन है। मंत्री के रूप में उनकी सक्रियता और व्यक्तित्व किसी से छिपा नहीं था। उनके जैसे हौसले और जुनून वाले लोगों की समाज और राज्य को हमेशा जरूरत रहती है।

उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने लंबे समय तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को दिशा देने का काम किया। मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि अभी भी मन यह मानने को तैयार नहीं है कि सुदिव्य सोनू अब उनके बीच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विधि के विधान को कोई टाल नहीं सकता और सभी को उसके साथ आगे बढ़ना पड़ता है।

दलगत भावना से ऊपर उठकर पहुंचे लोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशकर्म में अलग-अलग वर्ग और दलों से जुड़े लोग पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू का व्यक्तित्व ऐसा था कि उन्होंने सभी लोगों और वर्गों की समस्याओं को लेकर अपनी पहचान बनाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के नहीं रहने के बावजूद उनका व्यक्तित्व एक मिसाल और प्रेरणा के रूप में कायम रहेगा। उन्होंने लोगों से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पहुंचे आम लोगों से भी मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।

कल्पना सोरेन ने भी दी श्रद्धांजलि

विधायक कल्पना सोरेन ने भी सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

द्वादशकर्म कार्यक्रम में झारखंड मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, राज्यसभा सांसद, विधायक, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, गिरिडीह जिला प्रशासन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में सुदिव्य कुमार सोनू के समर्थक एवं शुभचिंतक मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से दिवंगत पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि दी।

यह भी पढ़ें – झारखंड के मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू का हार्ट अटैक से निधन, बेटे श्रेयस ने दी मुखाग्नि; बेटियां भी रहीं साथ

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *