गढ़वा : गढ़वा जिले के बढ़गढ़ थाना क्षेत्र में 19 जुलाई को हुए चर्चित दीपक कुजूर हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश का नहीं, बल्कि करीब 10 साल पुराने प्रेम संबंध, अवैध रिश्ते और बच्चे को अपने पास रखने की चाह का नतीजा थी। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी मार्टिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई दो देसी पिस्तौल, 18 जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
SIT जांच में खुला पूरा षड्यंत्र
गढ़वा के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या के बाद मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक अनुसंधान और लगातार छापेमारी के आधार पर पुलिस ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया।
यह भी पढ़ें – खूंटी में ACB की बड़ी कार्रवाई: महिला थाना प्रभारी सपना सुलेखा 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
10 साल पुराना प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, पलामू जिला मुख्यालय का चश्मा व्यवसायी मार्टिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान का अपनी दुकान में काम करने वाली एक आदिवासी युवती के साथ करीब 10 वर्षों से प्रेम संबंध था। इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने, जिससे युवती गर्भवती हो गई।
बाद में युवती के परिजनों ने उसकी शादी सिमडेगा निवासी नौकरीपेशा युवक दीपक कुजूर से करा दी। शादी के लगभग चार महीने बाद बच्चे का जन्म हुआ।
बच्चे को पाने के लिए रची गई हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मार्टिन अख्तर बच्चे को हर हाल में अपने पास रखना चाहता था। इसी मकसद से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दीपक कुजूर की हत्या की योजना बनाई।
पहले सिमडेगा में हत्या की साजिश रची गई, लेकिन मौका नहीं मिलने पर योजना बदल दी गई। 19 जुलाई को जब दीपक अपनी ससुराल रमकांडा से मोटरसाइकिल पर सिमडेगा लौट रहा था, तब भंडरिया-बढ़गढ़ मार्ग स्थित सालो जंगल के पास आरोपियों ने उसे रोककर गोली मार दी।
जान की भीख भी नहीं आई काम
पुलिस के अनुसार, हमले के दौरान दीपक ने अपनी जान बख्श देने की गुहार लगाते हुए बच्चे को सौंप देने की बात भी कही, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
तीन गिरफ्तार, एक आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें – हजारीबाग में पुलिस-प्रिंस खान गैंग के बीच मुठभेड़ में एक शूटर जख्मी, कई गिरफ्तार