Bokaro : कभी-कभी प्यार इंसान से वो करवा देता है, जिसका तमाशा बन जाता है। ऐसा ही नज़ारा जिले के हरला में देखने को मिला, जब शादी से इनकार सुनते ही एक प्रेम में पागल युवक सीधे 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और उसे उतारने में पुलिस के पसीने छूट गये।
बोकारो जिले के हरला थाना क्षेत्र के बसंती मोड़ स्थित मोबाइल टावर पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक जान देने की बात कहते हुए टावर की चोटी पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
प्यार फेसबुक से शुरू हुआ, बात टावर तक पहुंच गई
मोबाइल टावर पर चढ़ने वाला युवक भोजराज चंदेल है, जो मध्यप्रदेश के गुना जिले के जौहरी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती हरला थाना क्षेत्र के नेपाली पाडा़ में रहने वाली अंजलि से हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।
बताया जाता है कि पिछले साल अगस्त में अंजलि घर से भागकर भोजराज के पास पहुंच गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद किया था। अंजलि ने न्यायालय में बयान देकर कहा था कि वह अपनी मर्जी से गई थी।
शादी के इरादे से बोकारो पहुंचा, जवाब मिला ‘ना’
इसके बाद भोजराज अंजलि से शादी करने के इरादे से बोकारो पहुंचा। लेकिन जब अंजलि के परिजनों ने शादी से साफ इनकार कर दिया, तो युवक गहरे तनाव में चला गया। इसी दौरान वह बसंती मोड़ स्थित 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और जान देने की बात कहने लगा।
बाद में युवक ने खुद सर्च इंजन की मदद से हरला थाना प्रभारी का मोबाइल नंबर निकाला और अपनी बात बताई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी की सूझबूझ से टली अनहोनी
थाना प्रभारी खुर्शीद आलम ने मोबाइल फोन के जरिए युवक से लगातार बातचीत की। टावर की ऊंचाई अधिक होने के कारण आवाज सीधे नहीं पहुंच रही थी, इसलिए मोबाइल संपर्क के जरिए उसे समझाया गया। काफी देर की काउंसलिंग के बाद युवक धीरे-धीरे नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई और समझाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। युवक शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के पिता के इनकार के बाद उसने यह कदम उठा लिया। समय रहते बातचीत के जरिए स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
युवक का पक्ष
युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी दोस्ती फेसबुक के जरिए हुई थी। उसने आरोप लगाया कि लड़की के पिता उसके माता-पिता से अभद्र व्यवहार करते थे और उसे अकेले में घर बुलाते थे। इसी मानसिक दबाव में आकर उसने मोबाइल टावर पर चढ़ने का फैसला किया और खुद ही पुलिस को सूचना दी।
फिलहाल पुलिस ने युवक को समझाकर शांत किया है और मामले को आपसी बातचीत के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।