जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित खाऊ गली में वेज रोल के ऑर्डर में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। मंगलवार देर रात आयडा गेट के सामने एक फास्ट फूड ठेले पर हुई कहासुनी के बाद चाकूबाजी की घटना हुई। इसमें चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां मानगो निवासी शेखर तिर्की की मौत हो गई। तीन अन्य युवकों का इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फास्ट फूड दुकान के संचालक समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
वेज रोल के ऑर्डर में देरी पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार देर रात करीब एक बजे की है। मानगो निवासी शेखर तिर्की आदित्यपुर में शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में लाइटिंग का काम करने आया था। रात में वह अपने साथी गोलू के साथ आयडा गेट के सामने स्थित खाऊ गली में वेज रोल खाने पहुंचा था।
बताया जाता है कि ऑर्डर मिलने में देरी को लेकर शेखर और दुकानदार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया।
साथियों को बुलाया, फिर हुई चाकूबाजी
विवाद बढ़ने पर शेखर और गोलू ने फोन कर दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को मौके पर बुलाया। सूचना मिलने पर समिति का सदस्य सन्नी वहां पहुंचा।
आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार और उसके कर्मचारियों ने सन्नी पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सागर झा और अरुण पांडे पर भी चाकू से वार किए गए। इस घटना में शेखर तिर्की समेत चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

टीएमएच में शेखर तिर्की ने तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलने पर गश्त कर रहे सरायकेला के एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज और आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया।
इलाज के दौरान मानगो निवासी शेखर तिर्की की मौत हो गई। वहीं, चाकूबाजी में घायल तीन अन्य युवकों का इलाज जारी है।
दुकान संचालक समेत तीन युवक हिरासत में
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए फास्ट फूड दुकान के संचालक समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया है। एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
आदित्यपुर की खाऊ गली में हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि विवाद किस तरह बढ़ा और चाकूबाजी की घटना में किसकी क्या भूमिका रही।
यह भी पढ़ें – बोकारो : भांजे ने मांगी चॉकलेट, मामा ने थमा दी पिस्टल, खेल-खेल में गोली चली मासूम साहिल साहिल की मौत