सनसनी : आदित्यपुर में चर्चित चिकित्सक डॉ ओपी आनंद को लगी गोली, सगे भाई पर फायरिंग का आरोप, TMH में भर्ती

Anand Kumar
4 Min Read

जमशेदपुर/आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आरआईटी थाना क्षेत्र में सोमवार की रात सनसनीखेज गोलीबारी की घटना सामने आई है। 111 सेव लाइफ अस्पताल के संचालक और चर्चित चिकित्सक डॉ. ओपी आनंद को गोली लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH), जमशेदपुर में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोली डॉ. आनंद की पीठ में लगी है। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। TMH में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

सगे भाई पर गोली चलाने का आरोप

घटना में डॉ. ओपी आनंद के सगे भाई सत्य प्रकाश सुधांशु पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। सत्य प्रकाश सुधांशु गायत्री शिक्षा निकेतन के संचालक बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच किसी पारिवारिक मामले को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार की रात यह विवाद बढ़ गया और इसी दौरान गोली चलने की बात सामने आई।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जिस रिवॉल्वर से गोली चलने की बात कही जा रही है, वह कथित तौर पर डॉ. ओपी आनंद की लाइसेंसी रिवॉल्वर है। हालांकि, हथियार और फायरिंग की परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

पारिवारिक विवाद की वजह अब भी साफ नहीं

फिलहाल दोनों भाइयों के बीच विवाद किस बात को लेकर था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और मामला गोलीबारी तक कैसे पहुंचा। घटना में इस्तेमाल हथियार, आरोपी की भूमिका और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

आरआईटी पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद आरआईटी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। आरोपी की तलाश और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पहले भी सुर्खियों में रहे हैं डॉ. ओपी आनंद

डॉ. ओपी आनंद आदित्यपुर के चर्चित चिकित्सकों में शामिल हैं और 111 सेव लाइफ अस्पताल का संचालन करते हैं। तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ विवाद के बाद भी वह काफी चर्चा में आए थे। उस समय अस्पताल की जांच और उनके बयान को लेकर राजनीतिक एवं प्रशासनिक स्तर पर काफी हलचल हुई थी।

फिलहाल इस गोलीकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सभी की नजरें डॉ. आनंद की स्वास्थ्य स्थिति, पुलिस जांच और आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें – INDIA गठबंधन में हेमंत सोरेन की भूमिका: राहुल गांधी के साथ साझेदारी या झारखंड की स्वतंत्र राजनीतिक पहचान का विस्तार?

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *