रांची: केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े नए विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी दिए जाने के बाद झारखंड में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने साफ किया है कि परिसीमन की प्रक्रिया में यदि राज्य के आदिवासी और मूलवासी समुदायों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर प्रतिकूल असर पड़ता है, तो पार्टी इसका विरोध करेगी। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी है कि आरक्षित सीटों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ की कोशिश हुई तो झामुमो सड़क से सदन तक संघर्ष करेगा।

झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड का गठन आदिवासी-मूलवासी समाज के हितों और उनके अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से हुआ है। ऐसे में परिसीमन के नाम पर यदि इन समुदायों के हितों को नुकसान पहुंचाने वाला कोई प्रावधान सामने आता है, तो पार्टी उसका जोरदार विरोध करेगी। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि झामुमो महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने के पक्ष में है। पार्टी की लोकसभा सांसद महुआ माजी संसदीय दल की नेता हैं।
आरक्षित सीटों में कटौती की कोशिश बर्दाश्त नहीं: मनोज पांडेय
झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता और केंद्रीय समिति सदस्य मनोज पांडेय ने कहा कि पार्टी पहले भी परिसीमन के मुद्दे पर आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या घटाए जाने की आशंका का विरोध कर चुकी है। उन्होंने कहा कि पूर्व में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में झारखंड से लेकर दिल्ली तक संघर्ष किया गया था। पार्टी का कहना है कि यदि इस बार भी केंद्र सरकार की मंशा अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित लोकसभा या विधानसभा सीटों को कम करने की हुई, तो झामुमो इसे स्वीकार नहीं करेगा।

मिथिलेश ठाकुर बोले- नुकसान नहीं हुआ तो विरोध का सवाल नहीं
झामुमो के केंद्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने गढ़वा स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में कहा कि परिसीमन विधेयक लाने की फिलहाल कोई जरूरत नहीं थी। उन्होंने केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि प्रस्ताव से झारखंड को नुकसान नहीं होता है तो पार्टी को इससे परहेज नहीं है, लेकिन आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या घटाने या आदिवासी-मूलवासी समाज के राजनीतिक अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश हुई तो इसका विरोध किया जाएगा।
ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार दबे-कुचले वर्गों की आवाज को कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का गठन इस उद्देश्य से हुआ था कि यहां के आदिवासी और मूलवासी समुदाय के लोग विधानसभा तथा लोकसभा में अपनी बात प्रभावी ढंग से रख सकें। परिसीमन की प्रक्रिया में इस प्रतिनिधित्व की रक्षा जरूरी है।
अंतिम फैसला विधेयक का मसौदा देखने के बाद
हालांकि झामुमो की ओर से नेताओं के बयानों में आदिवासी आरक्षित सीटों की सुरक्षा को लेकर कड़ा रुख सामने आया है, लेकिन संसद में प्रस्तावित विधेयक पर पार्टी का औपचारिक समर्थन या विरोध अभी अंतिम रूप से घोषित नहीं हुआ है। पार्टी के सांसद विजय हांसदा ने कहा है कि विधेयक का वास्तविक पाठ सामने आने और उसके प्रावधानों को देखने के बाद ही पार्टी अपना रुख तय करेगी। मुख्यमंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने भी शुक्रवार को कहा कि पार्टी दिल्ली में हो रहे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है।
इसी मुद्दे पर पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ विचार-विमर्श की तैयारी है। झामुमो के लिए सबसे अहम सवाल यह होगा कि प्रस्तावित परिसीमन से झारखंड की कुल सीटों, अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों और आदिवासी-मूलवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर क्या असर पड़ता है। पार्टी नेताओं के बयानों से संकेत है कि इन सवालों पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
केंद्र सरकार का दावा है कि नए प्रस्ताव में राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने का प्रावधान है। लेकिन झारखंड में बहस केवल कुल सीटों की संख्या तक सीमित नहीं है। यहां अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों का अनुपात, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं और स्थानीय समुदायों का प्रतिनिधित्व भी राजनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील मुद्दे हैं। संसद में विधेयक का पूरा पाठ सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि झामुमो की आशंकाओं का समाधान किस हद तक होता है।