हजारीबाग/चौपारण: हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ घाटी में सोमवार, 9 नवंबर को भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा हथिया बाबा मोड़ के पास महानेटांड़ कट के समीप हुआ। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर बनारस जा रही सवारी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी सवारी गाड़ी से टकराकर घाटी में पलट गया। हजारीबाग के विधायक प्रदीप प्रसाद में सात लोगों के मरने की जानकारी दी है।
अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड स्थित अटका गांव से करीब 20 लोग एक सवारी गाड़ी में सवार होकर अपने परिजन का अंतिम संस्कार करने बनारस जा रहे थे। वाहन में शव भी रखा हुआ था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे दनुआ घाटी के महानेटांड़ कट के पास वाहन के ऊपर रखे शव को बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रस्सी ठीक करने के लिए चालक ने सवारी गाड़ी सड़क किनारे रोक दी थी। यात्री रस्सी को ठीक करने में जुटे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने खड़ी सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोग गंभीर रूप से इसकी चपेट में आ गए। हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ा। 12 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार, कोयला लदा ट्रक घाटी में पलटा
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इसी बीच पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी सवारी गाड़ी से टकरा गया और सड़क किनारे घाटी में पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग राहत और बचाव कार्य में जुट गए तथा पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार और नितिन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग भेजा गया।
थाना प्रभारी ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की
चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने घटनास्थल पर ही पांच लोगों की मौत की पुष्टि की। थाना प्रभारी के मुताबिक, घायलों में चार लोगों की स्थिति काफी नाजुक है। उन्हें शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फरार ट्रेलर चालक की तलाश और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें: खूंटी में स्कूटी सवार की मदद को जुटे लोगों को ट्रक ने रौंदा, 7 की मौत; चालक-खलासी फरार